- दिल्ली का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर यमुना विहार से भजनपुरा तक बनाया जा रहा है
- फ्लाईओवर खुलने से वजीराबाद रोड सिग्नल फ्री हो जाएगा और 10 लाख से अधिक लोगों को जाम से राहत मिलेगी
- फ्लाईओवर पर रैंप, ड्रेनेज सिस्टम और बिजली के खंभों का काम अभी पूरा किया जाना बाकी है
दिल्ली को जल्द ऐसे फ्लाईओवर की सौगात मिलेगी, जिस पर ऊपर मेट्रो और नीचे वाहन दौड़ेंगे. पहला डबल डेकर फ्लाईओवर यमुना विहार से भजनपुरा तक बनाया जा रहा है. हालांकि इसके लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है. इस फ्लाईओवर का नाम तय समय से पीछे चल रहा है. इसे बनाने में कई तरह की अड़चनें आ रही हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि दिसंबर 2026 के बाद ही ये डबल डेकर फ्लाईओवर आम जनता के लिए शुरू हो सकेगा.जानकारी के मुताबिक, काम पूरा होने में 6 महीने से ज्यादा समय लग सकता है. बता दें कि साल 2020 से इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है
गाजियाबाद से सिग्नेचर ब्रिज तक सिग्नल फ्री रास्ता
डबल डेकर फ्लाईओवर के शुरू होने से गाजियाबाद से सिग्नेचर ब्रिज तक सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. ये पूरा रास्ता सिग्नल फ्री होगा. लोगों को बिना रुके सफर का अनुभव हर दिन इस फ्लाईओवर पर मिलेगा. जानकारी के मुताबिक, इसका 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है.अब फ्लाईओवर को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले रैंप, अप्रोच सड़क और नालियों का काम पूरा किया जा रहा है.

291.10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा फ्लाईओवर
यमुना विहार से भजनपुरा तक बनाए जा रहे दिल्ली के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर को बनाने में करीब 291.10 करोड़ रुपये की लागत आएगी. पहले इस प्रोजेक्ट का बजट 220.1 करोड़ रखा गया था, बाद में इसे 71 करोड़ रुपये और बढ़ा दिया गया. बजट बढ़ने के साथ ही निर्माण कार्य के अंतिम चरण में आ रहीं अड़चनें भी दूर हो गई हैं.
- डबल डेकर फ्लाईओवर करीब 1.40 किलोमीटर लंबा होगा
- मंगल पांडे मार्ग पर ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा ऊपर से निकालेगा
- 10 लाख से ज्यादा लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद
- दिल्ली के साथ ही गाजियाबाद और लोनी से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी फायदा
फ्लाईओवर पूरी तरह सिग्नल फ्री
इस फ्लाईओवर के बनने के बाद आने जाने वालों को 11 किमी. लंबा वजीराबाद रोड पूरी तरह सिग्नल फ्री मिलेगा. वर्तमान में वजीराबाद रोड पर भजनपुरा चौक पर एक ट्रैफिक सिग्नल मौजूद है, जिसकी वजह से लंबा जाम लगता है. लेकिन फ्लाईओवर चालू होते ही सिग्नल का झंझट खत्म हो जाएगा. इससे समय की भी बचत होगी. वजीराबाद रोड पर 10 मिनट से ज्यादा समय की बचत होगी.
फ्लाईओवर शुरू होने से इन इलाकों को राहत
डबल डेकर फ्लाईओवर के शुरू होने से यमुना विहार, भजनपुरा, घोंडा, करावल नगर और बृजपुरी जैसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
ऊपर मेट्रो और नीचे दौड़ेंगी गाड़ियां
दिल्ली का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर बहुत ही खास है. एक ही पिलर पर दो स्तर बनाए गए हैं. नीचे वाले हिस्से पर वाहन दौड़ेंगे. वहीं ऊपरी हिस्से पर मौजपुर-मजलिस पार्क मेट्रो कॉरिडोर की पटरियां बनाई गई हैं. सड़क वाला हिस्सा करीब 9.5 मीटर और मेट्रो वाला हिस्सा करीब 18.5 मीटर की ऊंचाई पर है. दिल्ली में ये ऐसा पहला कॉरिडोर है, जहां सड़क और मेट्रो को एक ही ढांचे पर रखा गया है. ऐसा ही व्यवस्था जयपुर में भी मौजूद है.
फ्लाईओवर पर कितना काम बाकी?
दिल्ली के गोकुलपुरी की ओर फ्लाईओवर पर चढ़ने और उतरने के लिए रैंप अभी बनाए जाने हैं. यह काम पूरा होते ही ड्रेनेज सिस्टम और बिजली के खंभे लगाए जाने का काम शुरू होगा.
ये भी पढे़ं-नोएडा फिल्म सिटी से अक्षरधाम तक खत्म होगा ट्रैफिक जाम, नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रोड बनेगा
ये भी पढ़ें-दिल्ली को जल्द मिलेगा पहला डबल-डेकर मेट्रो-फ्लाईओवर, 88% काम पूरा; बदल जाएगी नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली की तस्वीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं