विज्ञापन

दिल्ली सरकार की DURGA योजना को कैबिनेट से मंजूरी; 1300 पिंक ई ऑटो, जानिए कौन कर सकेगा आवेदन

दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए DURGA योजना को मंजूरी दी है. सरकार का कहना है कि इस योजना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, महिला सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और राजधानी में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

दिल्ली सरकार की DURGA योजना को कैबिनेट से मंजूरी; 1300 पिंक ई ऑटो, जानिए कौन कर सकेगा आवेदन
महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का बड़ा मौका, दिल्ली में आएंगे पिंक ई-ऑटो
NDTV
  • दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार देगी 1300 पिंक ई-ऑटो
  • महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा फैसला
  • दिल्ली सरकार की DURGA योजना में महिलाओं और ट्रांसजेंडर को मिलेंगे 1300 ई-ऑटो परमिट
नई दिल्ली:

दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने और राजधानी में सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में DURGA योजना को मंजूरी दे दी गई है. योजना के तहत पहले चरण में 1300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो सड़कों पर उतारे जाएंगे. इन ई-ऑटो का संचालन केवल महिला और ट्रांसजेंडर चालक करेंगे. सरकार का कहना है कि यह पहल रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और यात्रियों को सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

कैबिनेट से मिली मंजूरी, 1300 पिंक ई-ऑटो सड़कों पर उतरेंगे

दिल्ली सरकार ने DURGA योजना को औपचारिक मंजूरी दे दी है. इसके तहत राजधानी में 1300 पिंक ई-ऑटो परमिट जारी किए जाएंगे. यह योजना खासतौर पर महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए तैयार की गई है, ताकि उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिल सके और परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाई जा सके. सरकार का मानना है कि इससे सुबह और देर शाम यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को एक अतिरिक्त और अपेक्षाकृत सुरक्षित परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा.

CM रेखा गुप्ता ने शेयर की जानकारी

CM रेखा गुप्ता ने शेयर की जानकारी
Photo Credit: रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री दिल्ली

महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए आरक्षित होंगे परमिट

योजना के प्रथम चरण में कुल 1300 ई-ऑटो उपलब्ध कराए जाएंगे. इनमें 1170 ई-ऑटो महिलाओं के लिए और 130 ई-ऑटो ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए आरक्षित किए गए हैं. इन परमिटों का वितरण दिल्ली के सभी 13 राजस्व जिलों में किया जाएगा. प्रत्येक जिले में अधिकतम 90 महिला लाभार्थियों और 10 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को ई-ऑटो उपलब्ध कराए जाएंगे.

क्या है योजना का उद्देश्य?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है. सरकार का कहना है कि योजना के जरिए लाभार्थियों को अपना वाहन चलाने और आय का स्थायी स्रोत बनाने का अवसर मिलेगा. साथ ही राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में विविधता और पहुंच भी बढ़ेगी.

कौन कर सकेगा आवेदन?

  • महिला आवेदकों के लिए पात्रता : महिला आवेदक को दिल्ली की निवासी होना जरूरी होगा. उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए, वैध वोटर आईडी होना जरूरी. LMV (लाइट मोटर व्हीकल) ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए. PSV (पब्लिक सर्विस व्हीकल) बैज होना अनिवार्य. वित्तीय वर्ष 2025-26 में पारिवारिक आय 5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा आवेदक या उसके परिवार के नाम पर कोई पंजीकृत परिवहन वाहन या थ्री-व्हीलर नहीं होना चाहिए. तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाएं योजना के लिए पात्र नहीं होंगी.
  • ट्रांसजेंडर आवेदकों के लिए नियम : ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए भी आयु सीमा 20 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है. साथ ही उन्हें दिल्ली का निवासी होना होगा. वैध वोटर आईडी रखना होगा. LMV ड्राइविंग लाइसेंस और PSV बैज जरूरी होगा. दिल्ली के किसी जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय द्वारा जारी ट्रांसजेंडर प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा.

तीन साल तक नहीं बेच सकेंगे ई-ऑटो

सरकार ने योजना में तीन वर्ष की अनिवार्य लॉक-इन अवधि भी तय की है. इस अवधि के दौरान लाभार्थी ई-ऑटो बेच नहीं सकेंगे, ट्रांसफर नहीं कर सकेंगे, किसी अन्य को वाहन नहीं दे सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे योजना का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचेगा.

विशेष पहचान के साथ चलेंगे DURGA ई-ऑटो

योजना के तहत चलने वाले सभी ई-ऑटो पर विशेष DURGA ब्रांडिंग होगी. इन वाहनों में विशेष पहचान चिन्ह लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को इन्हें आसानी से पहचानने में मदद मिलेगी.

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की भी तैयारी

दिल्ली सरकार ने ई-ऑटो संचालन के लिए चार्जिंग सुविधाओं पर भी काम शुरू कर दिया है. सरकारी योजना के अनुसार दिल्ली मेट्रो के 70 स्टेशनों के पार्किंग क्षेत्रों में ईवी चार्जिंग सुविधाओं के लिए स्थान उपलब्ध कराया गया है इससे ई-ऑटो चालकों को वाहन चार्ज करने में आसानी होगी.

रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे

सरकार का अनुमान है कि यह योजना केवल ड्राइविंग तक सीमित नहीं रहेगी. योजना के चलते ईवी सर्विसिंग, बैटरी रिपेयर, चार्जिंग स्टेशन संचालन, बैटरी रीसाइक्लिंग और मेंटेनेंस वर्कशॉप जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

पहले की योजना का विस्तार है DURGA योजना

दिल्ली में महिलाओं को ई-ऑटो परमिट देने का यह पहला प्रयास नहीं है. मार्च 2022 में शुरू हुई ई-ऑटो योजना के तहत 4261 परमिटों में से 33 प्रतिशत यानी 1406 परमिट महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए थे. महिला चालकों के वाहन पहचान के लिए लिलैक रंग के ई-ऑटो चलाए गए थे. अब DURGA योजना उसी पहल का विस्तारित स्वरूप है, जिसमें महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग से समर्पित परमिट पूल बनाया गया है.

अब पोर्टल लॉन्च का इंतजार

कैबिनेट ने योजना को मंजूरी दे दी है और पात्रता मानदंड भी तय हो चुके हैं. अब अगला कदम ऑनलाइन आवेदन पोर्टल का शुभारंभ होगा. पोर्टल शुरू होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और उसके बाद दिल्ली की सड़कों पर पहली बार DURGA ब्रांडिंग वाले पिंक ई-ऑटो दिखाई देंगे.

यह भी पढ़ें : दिल्ली वालों के लिए शुरू हुआ बिजली योजना का पोर्टल, जानें कैसे करें रूफ टॉप सोलर पैनल के लिए आवेदन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cabinet Decisions, Delhi Government, Rekha Gupta, Durga, Pink Auto Rickshaw
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com