विज्ञापन

प्रेम प्रसंग नहीं खुले इसलिए मां ने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी दो जुड़वा बेटों की हत्या

राजस्थान के डीग से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 13-13 साल के दो जुड़वा भाइयों की हत्या बीते दिनों हुई थी. अब पुलिस ने खुलासा किया है कि उसकी मां ने ही प्रेमी के साथ मिलकर कर इस वारदात को अंजाम दिया.

प्रेम प्रसंग नहीं खुले इसलिए मां ने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी दो जुड़वा बेटों की हत्या
डीग डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए बच्चों की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है.
NDTV
डीग:

ऊपर तस्वीर में जो महिला रोती-बिलखती दिख रही है, उसके दो जुड़वा बेटों की हत्या बीते दिनों थी. बेटों की लाश मिलने के बाद महिला सहित पूरे परिवार के मातम से पूरे गांव की आंखें नम थी. लेकिन अब जब पुलिस ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया तो उसे जानकर हर कोई हैरान हो गया. पुलिस के खुलासे के अनुसार इन दोनों बच्चों की हत्या उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी. इस जघन्य मामले के पुलिस ने जो कारण बताए, उसके अनुसार महिला अपने प्रेम प्रसंग को छिपाए रखना चाहती थी. उसके बच्चों को इस बात भी भनक लग गई थी. जिसके बाद महिला ने अपने बेटों की हत्या करवा दी. 

राजस्थान के डीग जिले की घटना

दिल दहला देने वाली यह वारदात राजस्थान के डीग जिले की है. जहां जानूथर थाना क्षेत्र के बड़ेशरा गांव में दो सगे जुड़वा भाइयों की हत्या 20 अक्टूबर को कर दी गई थी. बच्चों की पहचान विनय और विष्णु के रूप में हुई थी. दोनों के शव गांव में ज्वार-बाजरे की पुंज में मिला था. बच्चे के चेहरे पर धारदार हथियार के जख्म मिले थे. 

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़.

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़.
Photo Credit: NDTV

महिला और उसके प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बुधवार को डीग पुलिस ने इन दोनों बच्चों की हत्या का खुलासा करते हुए बच्चों की मां प्रीति और उसके प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि प्रेम-प्रसंग उजागर होने के डर से दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर दोनों बच्चों की हत्या की. पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद शवों को घर से कुछ दूरी पर कड़बी के पूंजों में छिपा दिया गया था.

छह घंटे में जांच को मिली बड़ी दिशा

घटना की सूचना मिलते ही डीग पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया गया. घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई, परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की.

शुरुआती जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों ने जांच की दिशा बदल दी. इसके बाद मृतक बच्चों की मां प्रीति से पूछताछ की गई और मामले में उसके प्रेमी राजेश की भूमिका भी सामने आई.

दो नातियों की मौत के बाद घटनास्थल पर मातम में बैठे नाना.

दो नातियों की मौत के बाद घटनास्थल पर मातम में बैठे नाना.

मां और प्रेमी पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में सामने आया कि प्रीति का गांव के ही राजेश से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. पुलिस का आरोप है कि दोनों को डर था कि उनका संबंध उजागर हो जाएगा. इसी के चलते दोनों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक, रात के समय दोनों जुड़वा भाइयों विनय और विष्णु पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हत्या के बाद दोनों के शवों को घर से कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर मौजूद कड़बी के पूंजों में छिपा दिया गया.

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.

नाना ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट

दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद उनके नाना घनश्याम (64) पुत्र भंवरसिंह निवासी बड़ेसरा ने थाना जनूथर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 131/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deeg, Deeg Crime, Deeg Crime News, Deeg Police, Illicit Affair Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com