विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2022

दिल्ली में सस्ती शराब पाने को दुकानों पर जुट रही भीड़, DDMA ने वाइन शॉप मालिकों को दी चेतावनी

बीते दिनों दिल्ली के कुछ खुदरा शराब दुकानों पर भारी भीड़ दिखी थी, जहां ऑफर के तहत शराब की बिक्री की जा रही थी.

दिल्ली में सस्ती शराब पाने को दुकानों पर जुट रही भीड़, DDMA ने वाइन शॉप मालिकों को दी चेतावनी
प्रतीकात्मक तस्वीर
नई दिल्ली:

दिल्ली में शराब की दुकानों पर शनिवार को लंबी कतारें देखी गईं. इसके पीछे कारण था कि कुछ दुकानों पर शराब के विभिन्न ब्रांडों पर छूट की पेशकश की गई. कोरोना महामारी के बीच शराब की दुकानों पर भीड़ जमा होने को लेकर दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA)  ने  शराब विक्रेताओं के लिए मंगलवार को चेतावनी जारी की. डीडीएमए ने कहा कि शराब की दुकानों पर कोरोना नियमों का पालन न करने पर लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है. 

बीते दिनों दिल्ली के कुछ खुदरा शराब दुकानों पर भारी भीड़ दिखी थी, जहां ऑफर के तहत शराब की बिक्री की जा रही थी. इसका जिक्र करते हुए DDMA द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना नियमों की कैसी भी अवहेलना या दिल्ली एक्साइज रूल का पालन न करने पर शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है.

आदेश में कहा गया है कि दिल्ली एक्साइज रूल्स-2010 के अनुसार, शराब बिक्री की मैक्सिमम क्वांटिटी और शराब खरीदने वाले की न्यूनतम आयु का ध्यान रखा जाए और इसका पालन किया जाए. 

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली के जहांगीरपुरी, शाहदरा और मयूर विहार सहित शहर के कुछ हिस्सों में शराब की दुकानों पर कुछ आईएमएफएल (Indian-Made Foreign Liquor) ब्रांडों पर 35 प्रतिशत तक की छूट की पेशकश की जा रही थी.

पूर्वी दिल्ली में शराब की दुकान के एक कर्मचारी ने कहा कि शराब की दुकानों को मार्च के अंत तक अपना स्टॉक खत्म करना है क्योंकि नए वित्तीय वर्ष में लाइसेंस का नवीनीकरण किया जाएगा. उन्होंने कहा, "कुछ ऐसे ब्रांड भी हैं, जिनकी बिक्री नहीं हुई है. खुदरा दुकानदार इन पर छूट और विशेष ऑफ़र दे रहे हैं, जैसे 'एक खरीदें, एक मुफ्त पाएं.' इस तरीके से स्टॉक खत्म करने की कोशिश हो रही है."

वहीं, आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शराब की दुकानों में लंबी कतारों के पीछे शादी का मौसम, सप्ताहांत और सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पालन करने जैसे भी कई अन्य कारण थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DDMA, Liquor, Crowd In Delhi Liquor Stores
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com