- सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर देश ने किया नमन, पीएम मोदी, अमित शाह समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
- पीएम मोदी आज स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर करेंगे 426 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
- पीएम मोदी ने सरदार पटेल को बताया आत्मनिर्भर भारत की प्रेरणा
देश के पहले गृह मंत्री और ‘लौह पुरुष' के नाम से प्रसिद्ध सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है. राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन. उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है.'

पीएम मोदी ने ऐसे याद किया
Photo Credit: पीएम मोदी की पोस्ट
प्रधानमंत्री आज 31 अक्टूबर शनिवार को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इस दौरान वह 426.71 करोड़ रुपये की 31 पर्यटन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. इनमें 307.83 करोड़ रुपये की 23 परियोजनाओं का उद्घाटन और 118.88 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी.
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और सरदार पटेल के योगदान को याद किया जा रहा है.

अमित शाह ने किया नमन
Photo Credit: अमित शाह की पोस्ट
अमित शाह ने बताया आधुनिक भारत का शिल्पकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन.' उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी. साथ ही अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान किया. अमित शाह ने खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह में किसानों के अधिकारों के लिए सरदार पटेल के संघर्ष को जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि सरदार साहब का त्याग, समर्पण और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा.
गडकरी और मनोहर लाल ने भी किया स्मरण
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सरदार पटेल को भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा. वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संदेश में कहा कि आज जब ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की बात होती है तो उसकी मूल भावना सरदार पटेल की दूरदर्शी सोच और प्रयासों में दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि देश को एक सूत्र में बांधने के लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा.
राष्ट्रीय एकता दिवस की भी मनाई जा रही है वर्षगांठ
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनकी भूमिका, 500 से अधिक रियासतों के एकीकरण और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था की स्थापना में उनके योगदान को आज भी आधुनिक भारत की नींव माना जाता है. उनकी 151वीं जयंती पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम के आगे क्यों लगा है सरदार? 99% लोगों को पता ही नहीं वजह, तो आप होंगे उनके सच्चे प्रशंसक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं