देशभर में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3 लाख 33 हजार, 533 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही देश में अब तक कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 3 करोड़ 92 लाख, 37 हजार 264 हो गई है. पिछले 24 घंटों में देश में 525 लोगों की कोविड से मौत भी हुई है. अबतक देश में कोविड से कुल 4 लाख 89 हजार 409 लोगों की मौत हो चुकी है. पिछले 24 घंटों में देशभर में कुल 2 लाख 59 हजार 168 मरीज ठीक हुए हैं जो नए मरीजों की संख्या से कम है. अब तक देशभर में कुल 3 करोड़, 65 लाख, 60 हजार, 650 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं. वहीं इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक कंसोर्टियम (INSACOG ) ने कहा है कि भारत में ओमिक्रॉन स्वरूप सामुदायिक संक्रमण के स्तर पर है. समूह ने रविवार को जारी 10 जनवरी के अपने बुलेटिन में कहा है कि अब तक सामने आए ओमिक्रॉन के अधिकतर मामलों में या तो रोगी में संक्रमण के लक्षण दिखाई नहीं दिये या फिर हल्के लक्षण नजर आए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में फिलहाल कुल कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 21,87,205 हो गई है. एक्टिव केस कुल संक्रमण का 5.57 फीसदी हो गया है. देश में फिलहाल रिकवरी रेट अब घटकर 93.18 फीसदी पर आ गया है.