विज्ञापन
This Article is From Nov 29, 2025

लोकतंत्र खत्म करने की साजिश! अखिलेश यादव ने SIR पर सवाल, BLO की मौत का भी मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में भाजपा और चुनाव आयोग पर बरसते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर आरक्षण और अधिकार छीने जाएंगे. उन्‍होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन पर काम करने का दबाव बनाया जा रहा है.

लोकतंत्र खत्म करने की साजिश!  अखिलेश यादव ने SIR पर सवाल, BLO की मौत का भी मुद्दा उठाया
  • समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने SIR प्रक्रिया के तहत आरक्षण और अधिकार छीने जाने की चिंता जताई है.
  • अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारों पर काम करने और लोकतंत्र खत्‍म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया.
  • बीएलओ विजय कुमार की मौत के मामले में उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ की सहायता राशि देने की मांग की है.
नई दिल्‍ली :

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर सवाल उठाए हैं. अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर आरक्षण और अधिकार छीने जाएंगे. साथ ही उन्‍होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारों पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जो चाहती थी, चुनाव आयोग वो करता है. साथ ही उन्‍होंने बीएलओ की मौतों के मामले को भी उठाया और कहा कि पीड़ितों के परिवारों को एक करोड़ की सहायता राशि और बाकी सरकारी सुविधाएं दी जाए.

अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में भाजपा और चुनाव आयोग पर बरसते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर आरक्षण और अधिकार छीने जाएंगे. उन्‍होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ की मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कल फतेहपुर में मृतक के परिवार ने बताया कि मृतक के ऊपर जल्दी काम करने का दबाव बनाया जा रहा था. इसी दबाव में आत्महत्या कर ली.

लोकतंत्र खत्‍म करने की साजिश: अखिलेश यादव 

उन्‍होंने कहा कि बंगाल के लोग कह रहे हैं कि चुनाव आयोग के हाथ खून से रंग गए हैं. उप-चुनाव में चुनाव आयोग के काम को हमने देखा है कि कैसे बूथ लूटने दिया. बीजेपी जो चाहती थी वो चुनाव आयोग करता है. यह लोकतंत्र खत्‍म करने की साजिश है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि घोसी विधानसभा के विधायक के निधन के बाद तेरहवीं नहीं हुई, लेकिन 20 हजार वोट काटने की तैयारी हो गई है.

इस दौरान अखिलेश यादव ने मलीहाबाद के मृतक बीएलओ विजय कुमार पत्‍नी को दो लाख रुपए का चेक सौंपा. इस दौरान उन्होंने सरकार से पीड़ितों के परिवारों को एक करोड़ की सहायता राशि और बाकी सरकारी सुविधा देने की मांग की. साथ ही कहा कि एसआईआर में लगे बीएलओ पर अधिकारी दबाव बना रहे हैं. हम मांग करते हैं कि दबाव ना बनाया जाए. यह बेहद संवेदनशील मामला है.

जल्‍दबाजी में क्‍यों है भाजपा: अखिलेश यादव 

इस दौरान उन्‍होंने सवाल किया कि बीजेपी जल्दबाजी में क्यों है. चुनाव आयोग बीजेपी के साथ मिला हुआ है. यूपी में शादियों का समय चल रहा है, लोग व्यस्त हैं और इतने कम समय में इतना बड़ा काम कैसे होगा? सफाई कर्मचारी को सहायक बनाकर तकनीकी काम करने में लगा दिया गया है. दावा है कि फॉर्म बांट दिए गए, लेकिन अभी लोगों को फॉर्म मिला ही नहीं है.

काम के तनाव में थे पति: मृतक BLO की पत्‍नी

इस दौरान मृतक बीएलओ विजय कुमार की पत्‍नी ने कहा कि उनके पति बीएलओ के काम से बेहद तनाव में थे. इसी तनाव से ब्रेन हैमरेज हो गया. उन्‍होंने आरोप लगाया कि अधिकारी धमकी देते थे कि काम तेज करो वरना एफआईआर कर देंगे. साथ ही प्रशासन पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए उन्‍होंने कहा कि 14 नवंबर को निधन हुआ और उस दिन भी वो काम में लगे थे. प्रशासन ने मदद नहीं की उलटे झूठा आरोप लगा दिया गया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com