बिहार में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की राह अलग हो गई है. राज्य में 8 सीटों पर होने वाले विधान परिषद के चुनाव में दोनों दल आमने-सामने हो गए हैं. शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल ने 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया. पार्टी ने बाकी बचे दो सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर विचार करने की बात कही.
इसके बाद शनिवार को कांग्रेस ने सदाकत आश्रम में बैठक की. सूत्रों की माने तो प्रदेश नेतृत्व ने सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है. इन सीटों पर तैयारी में जुटे उम्मीदवारों को बुलाया गया था, इनमें कई शिक्षक नेता भी शामिल हैं. पार्टी अपनी तरफ से सभी 8 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम भेज रही है. इस पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से लिया जाएगा.
कांग्रेस ने कहा, "भाजपा से गठबंधन कर ले तेजस्वी"
राजद के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही गठबंधन की दरार सामने आ गई. कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने राजद पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राजद ने पिछले कई चुनाव से ऐसा ही किया है. राजद के इस कदम से भाजपा को सहयोग मिलता है. अगर आपको भाजपा को फायदा पहुंचाना है तो भाजपा से गठबंधन कर लीजिए. वरना साथ आकर चुनाव लड़िए. राजद ने भी पलटवार किया. प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि राजद हमेशा भाजपा से लड़ती रही है. इसीलिए लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर इतने मुकदमे हैं.
कॉर्डिनेशन न होने के कारण राज्यसभा चुनाव में हुआ था नुकसान
गठबंधन में शामिल दोनों दलों के बीच कोआर्डिनेशन ना होने क्या खामियाजा राज्यसभा चुनाव में भी भुगतना पड़ा था. तब राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को कांग्रेस के 3 विधायकों ने वोट नहीं दिया था. इसलिए पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद गठबंधन एक भी सीट नहीं जीत पाया था. विधान परिषद के चुनाव में कांग्रेस के पास एक सीट है. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मदन मोहन झा चुनाव जीते हुए हैं. इस बार भी उनकी दावेदारी मजबूत है. लेकिन अगर राजद भी इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारता है तो मुश्किल होगी.
2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, 6 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजीव सिंह, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयराम यादव को उम्मीदवार बनाया है. वहीं पटना स्नातक क्षेत्र से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक क्षेत्र से अनिल कुमार झा, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रश्मि गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है. एनडीए, जनसुराज ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं