बिहार में सड़क खराब होने से परेशान लोगों प्रशासन का इंतजार करने के बजाय खुद ही सड़क की मरम्मत करने निकल पड़े. कटिहार के कुरसेला थाना क्षेत्र में मॉडल थाना के नजदीक एनएच-31 पर करीब एक महीने से बने बड़े गड्ढे के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था. दो दिन पहले इसी गड्ढे की वजह से कुरसेला बस्ती में रहने वाले एक युवक की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अब उसका इलाज पूर्णिया में चल रहा है.
हादसे के बाद घायल युवक के परिजनों, मित्रों और स्थानीय युवाओं ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर खुद पहल करने का फैसला किया. फिर युवाओं ने आपस में चंदा जुटाकर सीमेंट, बालू और गिट्टी की व्यवस्था की और श्रमदान करते हुए NH 31 सड़क पर बने गड्ढे को भरकर उसकी मरम्मत की. युवाओं के इस कदम से राहगीरों को तत्काल राहत मिली है.
आए दिन होती है दुर्घटना
स्थानीय युवक संजय, मुकेश और मोहम्मद तनवीर ने बताया कि कुरसेला से गेड़ाबाड़ी तक एनएच-31 की स्थिति कई जगह खराब है. सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार और अन्य राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. कई लोगों के घायल होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है. इसी कारण युवाओं ने खुद सड़क की मरम्मत करने का फैसला लिया.
युवाओं ने कहा कि सड़क की मरम्मत उनकी मजबूरी थी, ताकि आगे कोई राहगीर गड्ढे की वजह से दुर्घटना का शिकार न हो. उन्होंने संबंधित विभाग से एनएच-31 के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की थी पर कोई संबंधित अधिकारी इस पर कोई सुध नहीं ली, इसके बाद स्थान युवाओं ने पहल करते हुए सड़क मरम्मत कार्य खुद के सहयोग से कर डाला.
यह भी पढ़ें: हमारा सबकुछ बह गया.... बिहार की बाढ़ में फंसी महिला का दर्द रुला देगा, सांसद पप्पू यादव ने की मदद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं