- बिहार कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन
- दोनों पक्षों के बीच जमकर चली लाठियां
- झड़प में कई नेता और कार्यकर्ता घायल
पटना में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए. दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया. पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के बिहार प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य द्वार तक पहुंचे. इस दौरान उनके हाथों में राहुल गांधी और कांग्रेस पर ‘‘अराजकता'' फैलाने का आरोप लगाने वाले पोस्टर और बैनर थे. कांग्रेस के कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के जुलूस की ओर बढ़ गए, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप किया. दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए.
बिहार बीजेपी के नेता जैसे ही कांग्रेस के दफ्तर सदाकत आश्रम घेराव के लिए पहुंचे वहां कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में झड़प शुरू हो गई. दोनों तरफ से जमकर लाठियां चलीं. इस दौरान कई कई लोग घायल हो गए. बीजेपी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिल्ली में पीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन के खिलाफ प्रोटेस्ट मार्च कर रही थी.
राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने पीएम आवास का किया था घेराव
राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया था. दिल्ली पुलिस ने इन नेताओं को हिरासत में लिया था. विपक्षी नेताओं को देर शाम रिहा कर दिया गया था. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग करते हुए आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस उनके निर्देश पर कार्रवाई कर रही है.
विपक्षी नेताओं ने सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी' के समर्थकों पर लाठीचार्ज को लेकर विरोध जताया था. साथ ही, नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं