विज्ञापन
This Article is From Dec 21, 2015

उत्तर भारत में ज़बरदस्त ठंड, शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर में तापमान शून्य से नीचे

उत्तर भारत में ज़बरदस्त ठंड, शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर में तापमान शून्य से नीचे
नई दिल्‍ली: पूरे उत्तर भारत में ज़बरदस्त ठंड पड़ रही है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, सिरमौर में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। स्थानीय लोग बाहर निकलने से कतरा रहे हैं और आग जलाकर ही ठंड से बचाव हो पा रहा है।

सबसे कम तापमान लाहौल-स्पिति में माइनस 6.1 दर्ज किया गया है। धर्मशाला का हाल भी ऐसा ही है। स्थानीय लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं और टूरिस्ट भी पहाड़ों पर नहीं आ रहे हैं। इसकी वजह से व्यापारियों की आमदनी पर ख़ासा फ़र्क पड़ा है।

वहीं, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पिछले कई सालों की तुलना में इस बार कहीं ज़्यादा ठंड पड़ रही है। वहीं, बसों के आने-जाने में भी यहां दिक्कत हो रही है, क्योंकि सड़कों पर बर्फ जमी हुई है।

उधर, दिल्ली में सुबह का तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से तीन डिग्री कम होकर पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया और लोगों के लिए दिन की शुरुआत ठिठुरन के साथ हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हल्का कोहरा रहा और दृश्यता सीमा घटकर 400 मीटर रह गई।

राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। कल रात तापमान शून्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। मैदानी हिस्से में, हरियाणा का नारनौल सबसे सर्द स्थान रहा, जहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में भी ठंड का असर है और अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना में रात का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सिस तक गिर गया। (इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
उत्तर भारत, उत्तर भारत में ठंड, शिमला, कुल्‍लू, कश्‍मीर, पंजाब, North India, North India Cold, Shimla, Kullu, Kashmir, Punjab
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com