जयपुर एयरपोर्ट पर DRI के द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है. यहां एक महिला को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है. जिसके पास से करोड़ों की कोकीन बरामद हुई है. बताया जा रहा है कि DRI ने बीते 5 मई को ही जयपुर एयरपोर्ट पर महिला को कोकीन के साथ पकड़ा था. वहीं पूछताछ के बाद 6 मई को आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया. जिसके बाद अब उसे जेल भेज दिया गया है. बताया रहा है कि महिला के पास से जो कोकीन बरामद हुई है उसकी कीमत 22 करोड़ से भी अधिक है.
कोकीन की कीमत करीब 22.78 करोड़ रुपये
रिपोर्ट के मुताबिक, DRI अधिकारियों को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर जयपुर एयरपोर्ट पर बीते मंगलवार (5 मई) को महिला के पास से कोकीन बरामद किया गया. महिला के पास से जो कोकीन बरामद की गई है वह 4.556 किलोग्राम है. यानी साढ़े चार किलो कोकीन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 22.78 करोड़ रुपये है. कोकीन की इस खेप के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
महिला के बैग से 4.556 किलोग्राम कोकीन बरामद
बताया जा रहा है कि DRI की टीम ने जयपुर एयरपोर्ट पर 5 मई को बैंकाक से आ रही फ्लाइट संख्या FD-130 से महिला यात्री के पास कोकीन बरामद किया. DRI टीम को इसकी पहले से खुफिया सूचना मिली थी. जब महिला के ट्रॉली बैग को खंगाला गया तो उसके बैग से 4.556 किलोग्राम कोकीन बरामद हुआ.
महिला के पास से इतनी ज्यादा मात्रा में कोकीन की बरामदगी के बाद सवाल उठ रहे हैं कि यह कोकीन कहां-कहां तस्करी की जाती. अब राजस्थान में बैंकॉक से भी नशे की तस्करी शुरू हो गई है. जो काफी चिंताजनक है.
महिला यात्री से कोकीन बरामदगी के बाद उसे दिनांक 06.05.2026 को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) जयपुर द्वारा गिरफ्तार करके दिनांक 06.05.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.
यह भी पढ़ेंः ACB Action: पटवारी ने की 80000 रुपये रिश्वत तीन किस्त में लेने की डील, 40000 रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं