विज्ञापन

राजभर ने अखिलेश को जन्मदिन पर दी ये कैसी बधाई, 'आलसी-आरामतलबी वाली जिंदगी से बाहर निकलिए'

Akhilesh Yadav Birthday: यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जन्मदिन पर अनोखे अंदाज में बधाई दी है. उन्होंने कहा कि उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते आपको एक बेशकीमती सलाह देता हूं.

राजभर ने अखिलेश को जन्मदिन पर दी ये कैसी बधाई, 'आलसी-आरामतलबी वाली जिंदगी से बाहर निकलिए'
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को दी जन्मदिन की बधाई
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को जन्मदिन पर यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अनोखे अंदाज में बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा है. जन्मदिन की बधाई तंज भरे अंदाज में देते हुए ओपी राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव को आलस त्यागना चाहिए और एसी-पीसी से बाहर निकलकर अब गांव की पगडंडियां भी नापना चाहिए. उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते मैं आपको यही बेशकीमती सलाह दे सकता हूं. ओपी राजभर की इस पोस्ट पर यूपी में सियासत गर्मा सकती है. 

आपको बेशकीमती सलाह देता हूं: ओपी राजभर 

ओपी राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा 'अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. बहुत सोचा कि आपको उपहार में क्या दूं. आप ठहरे बड़े घर के बेटे, पिताजी पूर्व सीएम और रक्षामंत्री रहे, आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं, आलिशान बंगलों में जीवन गुजरा है. हम भला क्या दे सकते हैं आपको. मगर उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते एक बेशकीमती सलाह हम आपको दे सकते हैं. इस सलाह को ही जन्मदिन पर मेरी तरफ से उपहार मानिएगा. सलाह यही है कि आप अपनी आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से जितना जल्दी हो सके बाहर निकलिए. एसी और पीसी वाली राजनीति का जितना जल्दी हो सके त्याग करेंगे उतना आपके लिए अच्छा रहेगा.'

ये भी पढ़ेंः MP, MLA के घर बैठक, जिलों में प्रेस वार्ता, समझिए अखिलेश यादव की रणनीति

'गांव की पगडंडियां भी नापिए'

ओपी राजभर ने लिखा 'आलस से बाहर निकलकर गांव-देहात की पगडंडियां भी नापिए. गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के बीच जाकर, उनके सुख-दुख में शामिल होइए. नये उत्तर प्रदेश को देखिए और समझने का प्रयास कीजिए. बस खाली एसी में बैठकर ट्विटर पर खेत-किसान, मेड़-पगडंडी वाला वीडियो मत देखते रहिए. खेत में जाकर खुद किसानी समझिए. हां ये हो सकता है कि शुरु-शुरु में मेड़-पगडंडी पर चलते-चलते आपका पैर मुचुक जाए, कांटा धंस जाए. ऊपर से घाम भी लगेगा और पसीना से तर भी हो जाएंगे. लेकिन लगातार कोशिश करते रहेंगे तो एक न एक दिन गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता भी समझ में आ ही जाएगा.

'अखिलेश बाबू, जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, उसके लिए मेड़ पर गोड़ रगड़ना ही पड़ता है. हम ही से सीख लीजिए, 48 डिग्री में भी गांव-गांव घूमता हूं. बस इतना ही कहना था, आपके लिए यही उचित उपहार है हमारी तरफ से.'

राजभर लगातार साध रहे निशाना

यूपी के पंचायत मंत्री ओमप्रकाश राजभर लगातार अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं. वहीं अब जन्मदिन पर भी उन्होंने तंज कसते हुए उन्हें बधाई दी है. ऐसे में यूपी में सियासत गर्माती नजर आ रही है. मंगलवार को भी उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि वह एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं और आगामी चुनाव में एनडीए सभी सीटों पर जीत दर्ज करके यूपी में सरकार बनाएगी. 

ये भी पढ़ेंः अखिलेश का टीपू नाम कैसे पड़ा, 26 साल पहले सियासत में एंट्री, सपा प्रमुख को सीएम योगी ने खास अंदाज में जन्मदिन पर दी बधाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav Birthday, Om Prakash Rajbhar, Om Prakash Rajbhar News Today, Up Election News, Uttar Pradesh Politics News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com