- मुख्यमंत्री योगी ने NDTV के मंच पर कहा कि वह हर उस व्यक्ति की बात सुनते हैं जो यूपी के विकास की बात करता है
- सीएम योगी ने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश में सुशासन का मॉडल लागू करके रहेगी
- नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में उद्योग अधिक हैं क्योंकि वहां बेहतर कनेक्टिविटी और पॉलिसी हैं
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में चल रहे NDTV के क्रिएटर्स मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव से पहले कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. सीएम योगी से जब पूछा गया कि आप नौकरशाहों पर बहुत भरोसा करते हैं. विधायक कहते हैं कि हमारी सुनी नहीं जाती, क्या आप अपने विधायकों से ज्यादा अफसरों की सुनते हैं? इस सवाल का जवाब सीएम योगी ने बहुत ही बेबाकी से दिया. इसके साथ ही उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी खुलकर बात की.
विधायक या अफसर, किसकी ज्यादा सुनते हैं CM योगी?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, मैं हर उस व्यक्ति की सुनता हूं, जो यूपी के विकास के पक्ष में है. मेरा मानना है कि सुशासन के मॉडल को पब्लिक स्वीकार करती है. हम उस मॉडल को लागू करके रहेंगे.' सीएम योगी ने साफ कर दिया कि वह बात इसलिए नहीं सुनते कि उसे विधायक या फिर अफसर कह रहा है. वह हर उस बात को सुनते हैं जो राज्य के विकास और भलाई के लिए कही गई हो. इसके साथ ही उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार सुसाशन का मॉडल लाकर रहेगी.
यूपी की कानून व्यवस्था देश में नजीर
इसके साथ ही सीएम योगी ने ये भी बताया कि उत्तर प्रदेश की 35 फीसदी औद्योगिक यूनिट्स नोएडा और उसके आसपास के इलाके में ही क्यों हैं? साथ ही बंटेंगे तो कटेंगे जैसे नारों पर भी उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी. नोएडा के आसपास इंडस्ट्री लगाए जाने वाले सवाल का जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि लैंडबैंक जहां अधिक होगा और जहां सुरक्षा का माहौल होगा, उद्योगपति वहां के इलाके को प्राथमिकता देगा. हमने जब शुरुआत की थी तो कनेक्टिविटी, कानून व्यवस्था और पॉलिसी पैरालाइसिस की समस्या थी. आज यूपी की कानून व्यवस्था देश में एक नजीर मानी जाती है.
सबसे ज्यादा इंडस्ट्री नोएडा के आस-पास क्यों?
उन्होंने कहा, हमने अलग-अलग सेक्टर्स को तय किया. जहां सैचुरेशन की स्थिति है, वहां इंसेटिव कम दे रहे हैं. इसके अलावा बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी के लिए इंसेंटिव ज्यादा दे रहे हैं. हाल में हुए इन्वेस्टर्स समिट में हमने सभी 75 जिलों के लिए प्रस्ताव प्राप्त किए थे. यह मैं मानता हूं कि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़ को लोग प्राथमिकता देते रहे हैं क्योंकि वह उस तरह की सुविधाएं दी गईं. लेकिन अब चीजें बदल रही हैं. गोरखपुर के लिए 1 लाख करोड़ के प्रस्ताव आए थे और अब 35 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट जमीन पर उतर रहे हैं. कोई कल्पना कर सकता था कि यहां शानदार बंदूकें बनेंगी और ब्रह्मोस मिसाइल बनेंगी.' उन्होंने कहा कि 35 हजार एकड़ जमीन पर बीडा यानी बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट अथॉरिटी बनाई जा रही है, यह तो झांसी में है,यह पश्चिम यूपी में नहीं है.
80-20 जैसे नारों पर क्या बोले सीएम योगी?
बंटेंगे तो कटेंगे और 80-20 जैसे नारों पर सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भी यूपी की समृद्धि चाहते हैं, वह डबल इंजन सरकार के साथ हैं. जो लोग अनैतिक धंधों और इनकी लूट के साथ हैं, उनकी संख्या बहुत कम है. ये लोग यूपी में सुरक्षित और उत्सव वाला माहौल नहीं चाहते. ऐसे ग्रुप को फिर से जाना ही है और जाएगा. यूपी की ज्यादातर संख्या बीजेपी के साथ ही है. मैं फिर से कहूंगा कि 80 फीसदी लोग बीजेपी के साथ ही हैं.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-'मुख्यमंत्री का चेहरा कमल फूल', केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर योगी का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं