विज्ञापन

शिव और राम का रिश्ता क्या है? NDTV Creators Manch में आलोक श्रीवास्तव ने बताया रामेश्वरम का आध्यात्मिक रहस्य

NDTV Creators Manch 2026 मंच पर मशहूर गीतकार और कवि ने भगवान राम और शिव के बीच के कनेक्शन को बहुत ही आसान भाषा में समझाया. यहां जानते हैं इस बारे में-

शिव और राम का रिश्ता क्या है? NDTV Creators Manch में आलोक श्रीवास्तव ने बताया रामेश्वरम का आध्यात्मिक रहस्य
NDTV Creators Manch 2026 Rameshwaram spiritual significance

NDTV Creators Manch 2026 के मंच पर प्रसिद्ध कवि और गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने भगवान राम और भगवान शिव के बीच के कनेक्शन की ऐसी व्याख्या की, जिसने उनको सुनने वाले लोगों को एक गहरे आध्यात्मिक चिंतन के लिए प्रेरित किया. मंच पर NDTV से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश के अधिकांश तीर्थ वे स्थान हैं, जहां भक्तों ने भगवान की साधना की या जहां भगवान स्वयं प्रकट हुए, लेकिन रामेश्वरम एक ऐसा अद्वितीय तीर्थ है, जहां भगवान ने ही भगवान की पूजा की.

उन्होंने बताया कि लंका विजय से पहले भगवान राम ने रामेश्वरम में शिवलिंग की स्थापना कर महादेव की आराधना की थी. राम, भगवान विष्णु के अवतार थे और शिव उनके आराध्य, लेकिन उतनी ही श्रद्धा शिव के मन में राम के प्रति भी थी. यही कारण है कि सनातन संस्कृति में राम और शिव का संबंध प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि परस्पर सम्मान और भक्ति का प्रतीक माना जाता है.

राम का कोई पर्याय नहीं, राम केवल राम हैं

मंच पर आलोक श्रीवास्तव ने अपने चर्चित संगीत-नाट्य हमारे राम का उल्लेख करते हुए उसमें लिखे गए गीत की पंक्तियां भी सुनाईं. उन्होंने कहा कि राम किसी कथा या कल्पना के पात्र नहीं, बल्कि सनातन सत्य हैं. अपनी रचना के माध्यम से उन्होंने कहा कि राम का कोई पर्यायवाची नहीं, राम जैसे तो केवल प्रभु राम हैं.

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रत्येक क्षण और प्रत्येक परंपरा अपने भीतर एक गहरा संदेश समेटे हुए है. राम हमें मर्यादा, आदर्श और कर्तव्य का मार्ग दिखाते हैं, जबकि शिव यह सिखाते हैं कि जब तक व्यक्ति अपने अहंकार का विसर्जन नहीं करेगा, तब तक वह सच्चे अर्थों में निर्माण और विकास नहीं कर पाएगा.

शिव तांडव का हिंदी भावार्थ कैसे बना? 

कार्यक्रम के दौरान जब शिव तांडव स्तोत्र के हिंदी अनुवाद का विषय उठा, तो आलोक श्रीवास्तव ने इसके पीछे की रोचक कहानी सुनाई. उन्होंने बताया कि कोविड काल में लिखी गई उनकी एक रचना को अभिनेता, लेखक और साहित्यकार आशुतोष राणा ने स्वर दिया था. सोशल मीडिया पर उस रचना को काफी ज्यादा लोकप्रियता मिली, जिसके बाद आशुतोष राणा ने ही उनसे शिव तांडव स्तोत्र का हिंदी भावानुवाद करने का आग्रह किया.

आलोक श्रीवास्तव ने स्वीकार किया कि संस्कृत के इस स्तोत्र को सरल हिंदी में ढालना आसान नहीं था. शिव तांडव स्तोत्र सिर्फ शब्दों का नहीं, बल्कि गहन आध्यात्मिक भाव और दर्शन का ग्रंथ है. फिर भी उन्होंने इसे आम लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्वीकार की ताकि लोग इसके अर्थ को समझ सकें.

तुलसीदास और रावण की शिव स्तुति में दिखता है व्यक्तित्व का अंतर

अपनी प्रस्तुति के दौरान आलोक श्रीवास्तव ने गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित 'नमामि शमीशान निर्वाण रूपम्' का हिंदी भावार्थ सुनाया. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की भाषा उसके व्यक्तित्व का प्रतिबिंब होती है. तुलसीदास की शिव वंदना में विनम्रता, समर्पण और भक्ति का भाव दिखाई देता है, जबकि रावण के शिव तांडव स्तोत्र में उसका तेज, सामर्थ्य और अहंकार झलकता है.

उन्होंने कहा कि यही भारतीय साहित्य और अध्यात्म की सबसे बड़ी विशेषता है कि यहां सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि उनके पीछे की चेतना भी महत्वपूर्ण होती है. उनकी प्रस्तुति ने ये मैसेज दिया कि राम और शिव भारतीय जीवन-दर्शन के दो ऐसे स्तंभ हैं, जिनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी सदियों पहले थीं.

ये भी पढ़ें - उत्पन्ना एकादशी पर भगवान विष्णु को ऐसे करें प्रसन्न, धन-समृद्धि के लिए करें ये खास उपाय

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Alok Srivastava, NDTV Creators, NDTV Creators Manch, Ndtv Creators Manch 2026, Faith
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com