बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और RJD की सीनियर नेता रबड़ी देवी के सरकारी बंगले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को खाली करने से इनकार के बाद कई बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने उन पर निशाना साधा. इस बीच अब आरजेडी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को घेरा है.
'सरकार विपक्ष को कर रही टारगेट'
आरजेडी विधायक अब्दुल बारी सिद्दीकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि बिहार में सत्ताधारी दल का मानना है कि विपक्ष का काम है सरकार की हां में हां मिलाना. ऐसा न करने पर विपक्ष को टारगेट किया जाता है. सरकार को गरीबी कम करने पर, कर्जमुक्त करने पर दिमाग लगाना चाहिए था. लेकिन सरकार विपक्ष को टारगेट करने और धमकाने का काम कर रही है. यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है. सरकार दिखा रही है कि अगर तुम चुप नहीं रहे तो तुम्हारा घर ले लेंगे, तुम्हारी सुविधा ले लेंगे.
सीएम सम्राट चौधरी पर कसा तंज
सिद्दीकी ने CM सम्राट चौधरी के आवास को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के लिए 1 अणे मार्ग आवंटित है, उसमें सभी मुख्यमंत्री का काम चला है. लेकिन लगता है कि पहले के मुख्यमंत्री छोटे लोग थे, इनका छोटे मकान में काम चल गया. अब लगता है कि मुख्यमंत्री महोदय का विजन बड़ा है, इसलिए उन्हें बड़ा आवास चाहिए. इसलिए उन्होंने उपमुख्यमंत्री वाला आवास भी मुख्यमंत्री आवास में मिला लिया. जब प्रधानमंत्री कहते हैं कि सादगी से रहना है, तब वे बंगले का विस्तार कर रहे हैं.
राजद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का बंगला, प्रधानमंत्री के बंगले से बड़ा है. 15 एकड़ से अधिक में उन्होंने अपने बंगले का विस्तार किया है. लोकतंत्र में लोकलाज बड़ी चीज है. वे छोड़ चुके हैं.उपमुख्यमंत्री के लिए दो आवास थे. इनमें 5 देशरत्न मार्ग भी था. उसे सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास में शामिल कर लिया. मुख्यमंत्री को स्पष्टीकरण देना चाहिए कि उन्होंने 5 देशरत्न मार्ग को मुख्यमंत्री आवास में क्यों मिलाया? मुख्यमंत्री का काम उस बड़े आवास में भी नहीं चल रहा है. वे 10 सर्कुलर रोड को भी अपने आवास में शामिल करना चाहते हैं.
राजद ने पूछा कि सांसद और एनडीए के नेताओं को आवास कैसे मिले हैं? भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से 3 टेलर आवास कब लेंगे? वे किस हैसियत से रहते हैं? तरैया विधायक जनक सिंह को मंत्री का आवास मिला. देवेश चंद्र ठाकुर , सांसद हो गए हैं. उन्हें दिल्ली में आवास मिला है. यहां भी है. पूर्व मंत्री राजू सिंह को मैंगल्स रोड में आवास मिला है. करनजीत सिंह, मनोरमा देवी हार्डिंग रोड में किस हैसियत से रह रहे हैं? दीपक कुमार रिटायर्ड IAS, सांसद संजय झा, उपेन्द्र कुशवाहा और जदयू के आईटी सेल के मुखिया किस हैसियत से सरकारी आवास में रह रहे हैं?
यह भी पढ़ें: क्या अंधविश्वास के चक्कर में नए बंगले में नहीं जाना चाहतीं राबड़ी देवी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं