विज्ञापन

चित्रकूट में रातभर हुई मूसलाधार बारिश, फिर उफान पर मंदाकिनी नदी, Video में देखिए ताजा हालात

Chitrakoot Flood News: चित्रकूट में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से मंदाकिनी नदी फिर उफान पर है, जिससे यहां फिर से जलभराव होना शुरू हो गया है. प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

चित्रकूट में फिर बारिश
  • चित्रकूट में बीती रात से सुबह तक तेज बारिश हुई है. जिससे मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है.
  • चित्रकूट में प्रशासन की टीमें अलर्ट पर हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
  • भारी बारिश की वजह से यहां सड़कों पर नाव चल रही हैं. जिले के एसपी भी मौके पर मौजूद हैं.

चित्रकूट में बाढ़ का पानी अभी पूरी तरह से उतरा ही नहीं था कि फिर से बारिश शुरू हो गई है. चित्रकूट में बीती रात से हो रही बारिश से मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. जिससे कई इलाकों में फिर से जलभराव हो गया है. रामघाट पर निर्मोही अखाड़ा और टेम्पो स्टैंड में फिर से पानी भर गया है. लगातार बारिश होने के बाद प्रशासन अलर्ट पर हैं और सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह खुद ग्राउंड पर तैनात है. चित्रकूट में अलाउंस करके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है. 

चित्रकूट में बढ़ा मंदाकिनी का जलस्तर 

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में प्रशासनिक टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं. वहीं एनडीआरएफ समेत अन्य बचाव दलों को भी सक्रिय रखा गया है.

रामघाट के पास 400 दुकानें डूबी

चित्रकूट में रामघाट के पास फिलहाल 400 से ज्यादा दुकानें डूबी हुई हैं, जबकि 20 से 25 होटलों में भी पानी भरा हुआ है. आलम यह है कि यहां लोग हाथ ठेलों में बैठकर कामदगिरि परिक्रमा पथ पर चल रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों के पीछे बने नालों से भी पानी भर रहा है. ऐसे में नदियों के अलावा अब नालों की तरफ से भी समस्या बढ़ती जा रही है. फिलहाल चित्रकूट में लोगों को नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है.  

ये भी पढे़ंः चित्रकूट में क्यों आई बाढ़? जानिए इसके 3 कारण, रामघाट डूबा, 23 साल में सबसे ज्यादा बारिश

चित्रकूट में अफरा-तफरी की स्थिति

दरअसल, चित्रकूट पहले से ही भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है, लेकिन बीती रात से हो रही बारिश की वजह से फिर से चित्रकूट में अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है. बीते तीन दिन पहले मंदाकनी नदी ने तबाही मचाई थी, तब पानी खतरे के निशान से लगभग 6 मीटर ऊपर चला गया था. बारिश रुकने के बाद यह नीचे आया था, लेकिन अब जलस्तर फिर से तेजी से बढ़ गया है. मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. जलभराव और बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है. घरों में फंसे लोगों के लिए नावों की मदद ली जा रही है. 

चित्रकूट में अगले 24 घंटे बारिश का अलर्ट 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक चित्रकूट में अगले 24 घंटे अहम साबित होने वाले हैं, क्योंकि यहां बारिश की संभावना बनी हुई है. यानि अगर और बारिश होती है तो मंदाकिनी समेत छोटी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है. ऐसे में हालातों पर नजर रखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है. 

ये भी पढ़ेंः चित्रकूट-सतना में फिर बाढ़ का खतरा, मंदाकिनी-सेमरावल नदी उफान पर, रामघाट डूबा, रेड अलर्ट जारी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chitrakoot Flood, Chitrakoot News, Mandakini River, Chitrakoot Flood News, Chitrakoot Flood Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com