- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराकर भीषण सड़क हादसा हुआ.
- हादसे में कोबरा बटालियन के तीन जवान और कार चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई है.
- शहीद जवानों में उमेंद्र सिंह, मुकेश कुमार और राजकुमार गौर शामिल हैं, सभी की मौत हुई है.
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां अर्जुनी थाना क्षेत्र के खापरी के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और इस हादसे में कोबरा बटालियन के तीन जवानों सहित चालक की मौके पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में शहीद होने वाले जवानों में उमेंद्र सिंह (SI), मुकेश कुमार (हेड कांस्टेबल) और राजकुमार गौर (कांस्टेबल) शामिल हैं. कार चालक हीरालाल नागर की भी इस दुर्घटना में जान चली गई है.
कोबरा बटालियन के एक अन्य जवान अभिमन राय गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के डीआईजी, धमतरी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी मौके पर पहुँचे. शहीदों के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेजा गया है.
राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने घायल जवान अभिमन राय से फोन पर बात कर उनका हाल जाना और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं