- कोर्ट ने सुकेश चंद्रशेखर और अन्य आरोपियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने के निर्देश दिए.
- अदालत ने सभी आरोपियों को जून में आरोपों पर औपचारिक हस्ताक्षर के लिए पेश होने का आदेश दिया है.
- सुकेश चंद्रशेखर पर जेल के अंदर से 200 करोड़ रुपये की कथित जबरन वसूली करने के आरोप हैं.
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकेश चंद्रशेखर, लीना मारिया पॉल, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के निर्देश दिए हैं. कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग केस के साथ ही 200 करोड़ की कथित उगाही से जुड़े मकोका मामले में भी सुकेश चंद्रशेखर, लीना मारिया पॉल और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं.
अदालत ने सभी आरोपियों को 3 जून को आरोपों पर औपचारिक हस्ताक्षर के लिए पेश होने का निर्देश दिया है. यह मामला दिल्ली पुलिस की उस एफआईआर से जुड़ा है, जो शिकायतकर्ता अदिति सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर पर जेल के भीतर से ही करोड़ों रुपये की उगाही करने और उस पैसे का विभिन्न माध्यमों से इस्तेमाल करने के आरोप हैं.
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश से महंगे उपहार और अन्य लाभ मिले, हालांकि, अभिनेत्री लगातार यह कहती रही हैं कि उन्हें इन पैसों के स्रोत की जानकारी नहीं थी.
यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा हुआ है, जिस पर 200 करोड़ रुपए की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं. इस हाई-प्रोफाइल केस में जैकलीन फर्नांडिस का नाम तब सामने आया था, जब जांच एजेंसी ने दावा किया कि सुकेश ने ठगी के पैसों से उन्हें कई महंगे गिफ्ट्स दिए थे. इसी आधार पर ईडी ने उन्हें इस मामले में आरोपी बनाया था.
जैकलीन ने हाल ही में कोर्ट में अर्जी दाखिल कर यह इच्छा जताई थी कि वह इस मामले में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं और जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं. लेकिन ईडी ने उनके इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा है कि फिलहाल उनकी अर्जी को स्वीकार करने का कोई ठोस आधार नहीं दिखता.
मामले की शुरुआत 2021 में हुई थी, जब दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ मामला दर्ज किया था. आरोप था कि उसने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों के परिवार से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की. बाद में इस मामले की जांच ईडी ने अपने हाथ में ली और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की.
जांच के दौरान सामने आया कि सुकेश ने कथित तौर पर इस पैसे का इस्तेमाल कई लोगों को महंगे तोहफे देने में किया, जिनमें जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी शामिल था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें लग्जरी बैग, डायमंड ज्वेलरी, महंगी घड़ियां और अन्य कीमती सामान दिए गए थे, जिसके चलते ईडी ने उन्हें भी इस केस में आरोपी के तौर पर शामिल किया.
ये भी पढ़ें : दिल्ली-एनसीआर में आंधी- बारिश को लेकर इमरजेंसी अलर्ट, एकाएक बजने लगे सभी के मोबाइल फोन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं