- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पहले खोले जाएंगे.
- अब तक 17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है, जो यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता दर्शाता है.
- केदारनाथ हेली सेवा के टिकट 15 अप्रैल से बुकिंग के लिए खुले, पहले चरण के सभी टिकट एक घंटे में बिक गए.
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा की शुरुआत हो जाएगी. सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे. इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे.
चारधाम यात्रा के लिए 7 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत हुई थी. अब तक 17 लाख 28 हजार 148 श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं. वहीं, 15 अप्रैल से केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग शुरू की गई थी, जिसमें 31,607 टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं. ये टिकट हेली सेवा के पहले चरण के लिए जारी किए गए थे. चारधाम यात्रा के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. यात्रा शुरू होने में अब केवल दो से तीन दिन शेष हैं, ऐसे में तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं.
एक घंटे में सभी टिकट बिक गए
केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिलता है. चाहे सड़क मार्ग हो, पैदल यात्रा हो या हवाई मार्ग—हर साल श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. हेली सेवा के टिकटों के लिए श्रद्धालु लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. इसी उत्साह का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 15 अप्रैल की शाम 6 बजे जैसे ही IRCTC का पोर्टल खुला, महज एक घंटे में सभी टिकट बिक गए.
पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए हेली टिकट बुकिंग खोली गई थी. पोर्टल खुलते ही 15 जून तक के सभी स्लॉट एक घंटे के भीतर फुल हो गए. अब दूसरे चरण के लिए हेली टिकटों की बुकिंग जून के पहले सप्ताह में शुरू की जाएगी.
ये भी पढ़ें : अकेले यूपी-बिहार में होंगी 180 सीटें, किस राज्य का कितना कोटा, जानें महिला आरक्षण से 815 सीटें का कैसे बंटवारा होगा
चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम
केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से हेली सेवा संचालित की जाती है. इस बार गुप्तकाशी से ट्रांस भारत एविएशन और चिप्सन एविएशन, फाटा से यूनाइटेड हेलीकॉप्टर चार्टर्ड, राजस एयरवेज और पिलग्रिमेज एविएशन, जबकि सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली के ज़रिए शटल सेवा चलाई जाएगी. वहीं चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. उत्तराखंड पुलिस के करीब 7,000 जवानों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है. साथ ही केंद्र सरकार भी यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स की 15 कंपनियां उत्तराखंड भेजेगी.
इसको लेकर बुधवार को गृह मंत्रालय के साथ एक वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें यात्रा की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. बैठक के दौरान केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया कि चारधाम यात्रा की सुरक्षा के लिए अगले महीने पैरामिलिट्री फोर्स की 15 कंपनियां तैनात की जाएंगी. पिछले वर्ष भी चारधाम यात्रा के दौरान केंद्र ने पैरामिलिट्री बल उपलब्ध कराया था.
बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट
- https://registrationandtouristcare.uk.gov.in
- https://www.heliyatra.irctc.co.in/
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं