बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. नगर निगम की 35 वार्डों वाली परिषद के लिए मतदान 23 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना और चुनाव परिणाम 26 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे. उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के साथ ही चंडीगढ़ में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान को धार देना शुरू कर दिया है.

चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए चुनाव 23 दिसंबर को होंगे और मतों की गिनती 26 दिसंबर को की जाएगी. चंडीगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव ने शुक्रवार को यहां चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 26 नवंबर से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तीन दिसंबर है.

नामांकन पत्रों की जांच चार दिसंबर को होगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख सात दिसंबर है. सभी 35 वार्डों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. इन वार्डों में पांच साल बाद चुनाव हो रहे हैं. फिलहाल नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बहुमत है. आयोग ने फिलहाल चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की वर्तमान मतदाता सूची को अपनाया है.
इन चुनावों में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं. इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. कुल मतदाताओं में 100 वर्ष से अधिक आयु के 23 और 85 वर्ष से अधिक आयु के 9,177 मतदाता हैं. देव ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे.
ये भी पढें : आदेश का खुलेआम उल्लंघन हुआ, बर्दाश्त नहीं करेंगे... थिरुपरनकुंद्रम मंदिर में दीप जलाने के विवाद पर सुप्रीम कोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं