विज्ञापन

दो लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया खनन विभाग का उप निदेशक, हादसे में खान मालिक को देना था क्लीनचिट

सीबीआई ने दो लाख रुपए रिश्वत लेते खनन विभाग के उप निदेशक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अधिकारी एक खान हादसे में मालिक को बचाने की रिपोर्ट बनाने के एवज में पैसे ले रहा था. 

दो लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया खनन विभाग का उप निदेशक, हादसे में खान मालिक को देना था क्लीनचिट
सीबीआई ने खान विभाग के उप निदेशक को दो लाख रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया है.
NDTV
हैदराबाद:

किसी खान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हादसे का कारण बनती है. जब कोई हादसा होता है, तब तो माइंस के मालिक के साथ-साथ पूरे मैनेजमेंट की नींद खुल जाती है. लेकिन जब तक सब कुछ शांति से चलता रहे, तब तक जिम्मेदार लोग हाथ पर हाथ धरे बैठे रहते हैं. जब कोई हादसा हो गया, तब उसे छिपाने की भी भरपूर कोशिश की जाती है. ऐसे से एक मामले में सीबीआई ने दो लाख रुपए रिश्वत लेते खनन विभाग के उप निदेशक को गिरफ्तार किया है. घूसखोरी के केस में गिरफ्तार खनन विभाग का उप निदेशक एक हादसे में मालिक को बचाने की रिपोर्ट बनाने के एवज में पैसे ले रहा था. 

मामला हैदराबाद से सामने आया है. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें DGMS (खनन सुरक्षा महानिदेशालय), हैदराबाद-III क्षेत्र, दक्षिण मध्य क्षेत्र, हैदराबाद के उप निदेशक (खनन), एक सलाहकार/बिचौलिया तथा एक निजी खनन प्रतिष्ठान का प्रतिनिधि शामिल हैं.

CBI ने 17 अगस्त 2026 को उप निदेशक (खनन), एक सलाहकार/बिचौलिये, निजी खनन प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों तथा अन्य अज्ञात लोकसेवकों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ कथित रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में मामला दर्ज किया था.

25 जून को प्रकाशम में हुआ था खान हादसा

जांच के दौरान जानकारी मिली कि 25 जून 2026 को आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले स्थित एक खनन खदान में एक घातक दुर्घटना हुई थी. दुर्घटना की जांच रिपोर्ट अपने पक्ष में कराने और खनन प्रतिष्ठान के मालिकों को जिम्मेदारी से बचाने के लिए संबंधित खनन प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों ने एक सलाहकार/बिचौलिये के माध्यम से आरोपी उप निदेशक (खनन) से संपर्क किया. आरोप है कि बिचौलिये ने पहले भी अनुकूल जांच रिपोर्ट दिलाने के लिए उप निदेशक (खनन) को एक लाख रुपये की अवैध राशि दी थी.

रिपोर्ट में क्लीनचिट देने के लिए रिश्वत की पेशकश

इसके बाद उप निदेशक (खनन) को देने के लिए दो लाख रुपये की व्यवस्था की गई, जिसे 17 अगस्त 2026 को ओंगोल में सौंपा जाना था. यह राशि घातक दुर्घटना मामले में अनुकूल रिपोर्ट प्राप्त करने और संबंधित निजी खनन प्रतिष्ठान और अन्य खदानों से जुड़े कथित तिमाही रिश्वत भुगतान के रूप में दी जानी थी.

आरोपियों के ठिकानों पर चल रही छानबीन

CBI ने 17 अगस्त 2026 को जाल बिछाकर कार्रवाई की और उप निदेशक (खनन) को निजी खनन प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि की मौजूदगी में सलाहकार/बिचौलिये से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. ट्रैप कार्रवाई के दौरान दो लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई. मामले में आरोपियों के ओंगोल, कडप्पा और हैदराबाद स्थित परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें - 15 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ रेलवे का इंजीनियर, डायरेक्टर का बेटा भी अरेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBI Action, Cbi Action In Bribe Case, Bribe Case, Mining Department, Hyderabad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com