- बीजेपी देशभर में SIR के खिलाफ विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए अभियान शुरू करेगी
- पार्टी वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक लोगों के बीच जाकर SIR से जुड़े मुद्दों पर तथ्य साझा करेंगे
- बीजेपी एक विशेष बुकलेट तैयार कर SIR की जरूरत, प्रक्रिया और चुनाव आयोग के नियमों को विस्तार से समझाएगी
देशभर में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष प्रदर्शन कर रहा है. अब बीजेपी INDIA गठबंधन द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए देशभर में अभियान चलाने की तैयारी कर रही है. पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक लोगों के बीच जाकर इस मुद्दे पर तथ्यों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इसके लिए एक विशेष बुकलेट भी तैयार कर रही है, जिसमें SIR से जुड़े विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया जाएगा.
इन सवालों का देगी जवाब
बीजेपी लोगों के बीच जाकर SIR को लेकर फैक्चुअल जानकारी रखेगी. पार्टी कई सवालों को लेकर स्थिति साफ करेगी. इसमें SIR की जरूरत क्यों पड़ी? पहले कब-कब SIR कराया गया? मतदाता सूची से छूटे नाम दोबारा कैसे जोड़े जा सकते हैं? मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया क्या है? चुनाव आयोग के नियम और प्रावधान क्या कहते हैं? जैसे सवालों के जवाब शामिल होंगे.
कांग्रेस पर भी रहेगा फोकस
बीजेपी अपने अभियान में कांग्रेस को भी निशाने पर लेने की रणनीति बना रही है. पार्टी की ओर से यह बताने की तैयारी है कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में चुनाव आयुक्तों की नियुक्तियों और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर क्या फैसले लिए गए थे. बीजेपी का दावा है कि इन तथ्यों के जरिए कांग्रेस की भूमिका को जनता के सामने रखा जाएगा. वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री देश भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
कांग्रेस लगातार है हमलावर
SIR के मुद्दे पर कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त और SIR के खिलाफ विपक्ष के नेताओं के साथ लगातार सड़र पर उतर रहे हैं. उन्होंने चुनाव आयोग जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका तो आकाशवाणी भवन पर ही धरने पर बैठ गए. इसके बाद राहुल गांधी ने कुछ नेताओं के साथ राष्ट्रपति से भी मुलाकात की. वहीं SIR के खिलाफ विपक्ष सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर कर चुका है.
यह भी पढ़ें: 10 सेकंड का वीडियो पूरी कहानी नहीं; राहुल गांधी ने मेरा अपमान नहीं किया; डीके शिवकुमार का BJP पर पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं