- बीजेपी ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया
- बीजेपी की लिस्ट में दो केंद्रीय राज्य मंत्री- रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन का नाम नहीं है
- रवनीत सिंह बिट्टू के पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना बढ़ गई है
राज्यसभा की 27 सीटों के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी ने आज अपने 11 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया. इस लिस्ट में दो केंद्रीय राज्य मंत्रियों- रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन का नाम नहीं है. ये दोनों अभी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है.
दोनों मंत्रियों को राज्यसभा में न भेजे जाने का मतलब यह है कि उनकी जल्दी ही मंत्रिपरिषद से छुट्टी हो सकती है. इसी तरह केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश बीजेपी और हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है. 'एक व्यक्ति, एक पद' के सिद्धांत के तहत वे भी जल्दी ही मंत्रिपरिषद से हट सकते हैं. इससे यह इशारा भी मिल रहा है कि जल्दी ही मंत्रिपरिषद में फेरबदल भी हो सकता है.
बिट्टू और जॉर्ज लिस्ट में क्यों नहीं?
रवनीत सिंह बिट्टू को राज्यसभा सीट नहीं दी जा रही है. इसका मतलब यह है कि वह पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और मंत्रिपरिषद में नहीं रहेंगे. वे हाल ही में कह चुके हैं कि वे अपना बोरिया बिस्तर समेट कर पंजाब जा रहे हैं और विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे. पार्टी उन्हें पंजाब में एक प्रमुख चेहरे के तौर पर पेश कर सकती है.
वहीं जॉर्ज कुरियन केरल बीजेपी के नेता हैं, उन्हें राज्य चुनावों के मद्देनजर राज्यसभा में लाया गया था. बीजेपी ने हाल के विधानसभा चुनाव में केरल में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए तीन सीटें जीती हैं. वे मध्य प्रदेश से राज्य सभा के सदस्य थे.
अब उनकी जगह एमपी से बीजेपी महासचिव तरुण चुघ को मौका दिया गया है. इससे पहले एक अन्य राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े भी राज्यसभा में आ चुके हैं. हालांकि पश्चिम बंगाल की शानदार जीत के बावजूद एक अन्य महासचिव सुनील बंसल को राज्यसभा नहीं भेजा गया है. इससे यह इशारा भी मिल रहा है कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में तावड़े और चुग संभवत आगे भी बने रहें.
एमपी में राज्य बीजेपी के मंत्री रजनीश अग्रवाल को पार्टी ने दूसरी सीट पर खड़ा किया है. एमपी से तीन सीटों पर चुनाव होना है और संख्या बल के हिसाब से बीजेपी के लिए दो सीटों पर जीत तय है.
यह भी पढ़ेंः कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए उम्मीदवारों का किया एलान , पवन खेड़ा की तपस्या हुई पूरी
मणिपुर से इस बार महिला उम्मीदवार
मणिपुर से महिला सांसद बनाने का फैसला किया है. बीजेपी ने ए शारदा देवी को टिकट दिया. वह अभी राज्य बीजेपी की अध्यक्ष हैं और इससे पहले पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं. पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का नाम भी राज्यसभा के लिए चल रहा था लेकिन शारदा देवी ने बाजी मार ली.
राजस्थान से सतीश पूनिया जाएंगे राज्यसभा
राजस्थान से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को राज्यसभा भेजा जाएगा. वे विधानसभा चुनाव हार गए थे लेकिन बाद के हरियाणा और बिहार विधानसभा चुनाव में कड़ी मेहनत कर पार्टी का दिल जीता. यहां से डॉ अलका गुर्जर को भी बीजेपी ने टिकट दिया है. वे अभी बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव हैं और दिल्ली बीजेपी की सह प्रभारी भी हैं. वे इससे पहले राजस्थान बीजेपी में प्रवक्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर काम कर चुकी हैं. इस तरह राजस्थान में बीजेपी ने एक जाट और एक गुर्जर उम्मीदवार मैदान में उतारा है.
यह भी पढ़ेंः राज्यसभा चुनाव: नए चेहरों को मौका; कौन हैं तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल जिन्हें BJP ने MP से बनाया प्रत्याशी
ओडिशा और गुजरात में कौन उम्मीदवार?
ओडिशा से देबाशीष सामंतराय को टिकट दिया गया है. यह उपचुनाव है जो उन्हीं के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर हो रहा है. वे बीजेडी के राज्यसभा सांसद थे और अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं.
गुजरात में बीजेपी ने चारों सीटों पर उम्मीदवार दिए हैं. सभी की जीत तय है. यहां से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मान सिंह परमार और जीतेंद्र मेघजी भाई कंजारिया को टिकट दिया गया है. गुजरात में पहली बार कांग्रेस का कोई राज्य सभा सदस्य नहीं होगा
बीजेपी ने अरुणाचल प्रदेश से ताई तगाक को राज्य सभा चुनाव में टिकट दिया है. वे राज्य बीजेपी के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के सलाहकार रह चुके हैं.
कर्नाटक-झारखंड में क्या होगा?
बीजेपी को कर्नाटक से भी एक सीट मिलने की संभावना है. उसके लिए अभी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है. पार्टी झारखंड में क्या करती है, इस पर भी नजरें लगी रहेंगी. बीजेपी उम्मीद कर रही है कि आंध्र प्रदेश में उसकी सहयोगी टीडीपी उसे एक सीट दे दे. जबकि महाराष्ट्र में एनसीपी नेता सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली हुई सीट एनसीपी के हिस्से में ही रहेगी.
यह भी पढ़ेंः क्या बीजेपी छोड़ रहे हैं तमिलनाडु के नेता अन्नामलाई? बना सकते हैं अपनी नई पार्टी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं