- नितिन नवीन अपनी नवनियुक्त टीम के साथ बैठक में नए पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराएंगे. भूमिकाएं स्पष्ट करेंगे
- नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा होगी
- पार्टी पदाधिकारियों को सोशल मीडिया सक्रियता, मीडिया संवाद और कार्यकर्ता संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए जाएंगे
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपनी नवनियुक्त टीम के साथ पहली बैठक करने जा रहे हैं. भाजपा मुख्यालय और पार्टी के विस्तारित कार्यालय में दिन भर चलने वाली तीन अलग-अलग बैठकों में नए पदाधिकारियों का परिचय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश भर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और साथ ही अन्य संगठन विषयों पर चर्चा की जाएगी. भाजपा सूत्रों के अनुसार पहली बैठक सुबह प्रारंभ होगी, जिसमें नव नियुक्त पदाधिकारियों का परिचय होगा. गौरतलब है कि 17 अगस्त को नितिन नवीन ने 65 सदस्यीय नई टीम का ऐलान किया था. इसमें 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं.
शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सबका आपस में परिचय कराएंगे. इसके साथ ही उनसे पार्टी की अपेक्षाओं के बारे में भी चर्चा होगी. यह औपचारिक रूप से भाजपा में पदाधिकारी के तौर पर उनकी नई जिम्मेदारी की शुरुआत होगी. सूत्रों के अनुसार इसमें नए पदाधिकारियों को उनकी भूमिकाएं बताई जाएंगी. उन्हें निर्देश दिए जाएंगे कि उनकी भूमिका में उनके दायित्व क्या हैं. सोशल मीडिया पर सक्रियता और मीडिया से बातचीत के गुर सिखाए जाएंगे. पार्टी कार्यकर्ताओं से किस तरह जीवंत संपर्क बना कर रखना है, कैसे लोगों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए सतर्क रहना है. ऐसी सभी बातों पर चर्चा होगी. सभी पदाधिकारियों के कार्य क्षेत्र के बारे में विस्तार से चर्चा होगी.
इसके साथ ही अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों और 2029 के लोक सभा चुनावों के बारे में उनसे अपेक्षाओं के बारे में भी बात होने की संभावना है. साथ ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों, प्रभारियों तथा सह प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देश भर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी. गौरतलब है कि सात अक्तूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. तब से वे लगातार पब्लिक ऑफिस में हैं. पहले तेरह साल सीएम रहे और पिछले बारह साल से पीएम के पद पर हैं.
इस साल 10 जून को एनडीए की बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि 7 अक्टूबर के मौके पर देश भर में आयोजन होगा. इसके साथ ही 17 सितंबर को पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन भी है. भाजपा हर साल की तरह दो अक्तूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन भी करेगी. शनिवार की बैठक में इसकी तैयारियों की भी समीक्षा होगी. भाजपा देशभर में ‘सेवा संकल्प महोत्सव' की तैयारी कर रही है. 15 दिनों तक देशभर में विशेष कार्यक्रम होंगे. भाजपा महासचिव विनोद तावड़े को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस अभियान के लिए हर राज्य में 7 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है.
हर टीम में प्रदेश सरकार का एक मंत्री, संगठन से एक महामंत्री और पांच नेता शामिल होंगे. इस अभियान के तहत स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष' थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी. सुशासन, विकास और अंत्योदय पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे. युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी होंगे. जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे. शाम में सभी संगठन महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। इसमें संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं