विज्ञापन

लाल कपड़े का इशारा और थम गई ट्रेन... सिलीगुड़ी में 70 से ज्यादा हाथियों की ऐसे बची जान

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में नक्सलबाड़ी और बागडोगरा के बीच रेलवे ट्रैक पार कर रहे 70 से अधिक हाथियों का झुंड एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गया. सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के करीब पहुंचने पर वनकर्मियों ने लाल कपड़ा लहराकर ट्रेन को समय रहते रुकवा दिया.

70 से अधिक हाथियों का झुंड एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गया.
NDTV

पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में वनकर्मियों की सूझबूझ और फुर्ती ने एक बड़े हादसे को टाल दिया है. नक्सलबाड़ी और बागडोगरा के बीच रेलवे ट्रैक पर 70 से ज्यादा हाथियों का विशाल झुंड गुजर रहा था, तभी उसी रूट पर सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के आने की सूचना मिली. कुछ ही पलों की देरी दर्जनों हाथियों की जान पर भारी पड़ सकती थी, लेकिन वनकर्मियों ने लाल कपड़ा लहराकर ट्रेन को रोक दिया और संभावित हादसा टल गया.

घटना उस समय हुई जब हाथियों का बड़ा झुंड जंगल से निकलकर रेलवे लाइन पार कर रहा था. इसी दौरान सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस उसी ट्रैक की ओर बढ़ रही थी. हाथियों और ट्रेन के बीच टक्कर की आशंका को भांपते ही मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने लाल कपड़ा लहराकर लोको पायलट को खतरे का संकेत दिया. वनकर्मियों का इशारा मिलते ही ट्रेन की रफ्तार कम की गई और उसे समय रहते रोक लिया गया.

घटना का वीडियो भी सामने आया

ट्रेन रुकने के बाद हाथियों का पूरा झुंड आराम से और सुरक्षित तरीके से रेलवे ट्रैक पार कर सका. इसके बाद जब सभी हाथी ट्रैक से दूर निकल गए, तब ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई. वन अधिकारियों की सतर्कता की वजह से न सिर्फ 70 से अधिक हाथियों की जान बच गई, बल्कि एक बड़ी रेल दुर्घटना की संभावना भी खत्म हो गई.

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैक के पास मौजूद वनकर्मी ट्रेन को रोकने का संकेत देते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में हाथियों के बड़े झुंड को धीरे-धीरे रेलवे लाइन पार करते देखा जा सकता है. 

उत्तर बंगाल के जंगलों और रेलवे मार्गों के आसपास हाथियों की आवाजाही आम बात है, लेकिन ऐसी घटनाएं बड़ी दुर्घटना की चितांओं को लेकर भी सवाल उठाते हैं.

यह भी पढ़ें: भारत में घुसपैठ कर रहे 4 आतंकियों की मौत, धमाके में लश्कर का टॉप कमांडर भी ढेर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elephant, Siliguri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com