पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनना लगभग तय हो चुका है. बंगाल चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बना ली है. इसके अलावा असम में बीजेपी की एकतरफा जीत होती दिख रही है.वहीं पुडुचेरी में भी बीजेपी गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि भारतीय राजनीति के फलक पर 'भगवा' और 'NDA' का परचम एक बार फिर से पूरी मजबूती के साथ लहरा रहा है. 2014 में जहां NDA महज 8 राज्यों तक सीमित था, आज 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक जा पहुंचा है. बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस के जश्न के बीच, चुनावी रुझान देश के राजनीतिक मानचित्र को एक नया रंग दे रहे हैं. असम के दुर्ग से लेकर पश्चिम बंगाल के मैदानों तक, भगवा ही भगवा नजर आ रहा है.
इन 20 राज्यों में भाजपा या NDA सरकार
- दिल्ली
- उत्तराखंड
- उत्तर प्रदेश
- हरियाणा
- राजस्थान
- गुजरात
- महाराष्ट्र
- गोवा
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- ओडिशा
- सिक्किम
- अरुणाचल प्रदेश
- असम
- नगालैंड
- त्रिपुरा
- मेघालय
- मिजोरम
- बिहार
- आंध्र प्रदेश
- पश्चिम बंगाल

बंगाल जीत बीजेपी के लिए क्यों है इतनी खास?
इस लिस्ट में सबसे नया और अहम नाम जुड़ा है पश्चिम बंगाल का. बंगाल में दशकों से बीजेपी संघर्ष कर रही थी. एक वक्त था जब यहां बीजेपी का खाता भी नहीं खुलता था. लेकिन आज बीजेपी यहां इतिहास रच रही है. बंगाल केवल राजनीतिक रूप से नहीं बल्कि वैचारिक रूप से भी बीजेपी के लिए काफी अहम है. यह बीजेपी (जनसंघ) के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है. इस साल बीजेपी उनकी 125वीं जयंती मना रही है. ऐसे में यहां जीतना पार्टी के लिए वैचारिक घर वापसी जैसा है.
यहां तक पहुंचने के लिए बीजेपी ने दशकों लंबा इंतजार किया है. 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर 2026 तक, लगभग 74-75 सालों के लंबे अंतराल के बाद बीजेपी बंगाल में अपनी पहली सरकार बनाने की दहलीज पर पहुंची है. 2011 में बंगाल में बीजेपी का वोट शेयर महज 4% था. 2014 में मोदी लहर भी यहां कुछ खास नहीं कर पाई. हालांकि पार्टी का वोट शेयर 17% तक पहुंचा और बीजेपी को 2 लोकसभा सीटें भी मिलीं. लेकिन पिछले चुनाव 2021 में बीजेपी ने यहां अच्छा प्रदर्शन कर 77 सीटें जीतीं और मुख्य विपक्षी पार्टी बनकर उभरी.
यह भी पढ़ें; सच हुई भविष्यवाणी... जब पीएम मोदी ने कहा था- बिहार ने बंगाल में भाजपा की विजय का रास्ता बना दिया है, ये 6 मुद्दे टर्निंग प्वाइंट बने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं