विज्ञापन

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले BJP नेता अन्नामलाई ने अपने पद से दिया इस्तीफा, बताया ये कारण

अन्नामलाई बीते कुछ साल में तमिलनाडु में बीजेपी के प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे हैं. लेकिन चुनाव से ठीक पहले उन्होंने पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया है. उनके इस ऐलान से यह अफवाह फैल गई कि वे पार्टी द्वारा बिना उनसे सलाह लिए काम सौंपे जाने से नाखुश हैं.

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले BJP नेता अन्नामलाई ने अपने पद से दिया इस्तीफा, बताया ये कारण
तमिलनाडु बीजेपी नेता अन्नामलाई.
  • तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
  • अन्नामलाई ने इस्तीफे का कारण अपने पिता की खराब सेहत और उनकी देखभाल को बताया है.
  • उन्हें तमिलनाडु के छह विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था, जिनकी जिम्मेदारी छोड़ दी है.
चेन्नई:

Annamalai Resigned: दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होना है. राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी तैयारी में जुटी है. इस बीच  भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बीते कुछ सालों में अन्नामलाई तमिलनाडु में बीजेपी के प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे थे, ऐसे में चुनाव से ठीक पहले उनका पार्टी की जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ना बड़ी बात मानी जा रही है. अन्नामलाई के पास तमिलनाडु की छह विधानसभा सीटों का जिम्मा था, उन्हें इन सभी 6 सीटों के लिए चुनाव प्रभारी बनाया गया था. 

इस्तीफे के पीछे पिता की खराब सेहत का दिया कारण

अन्नामलाई ने अपने इस्तीफे के पीछे पिता की खराब सेहत का हवाला दिया है. अन्नामलाई ने तीन फरवरी को मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने इस फैसले की जानकारी तमिलनाडु भाजपा नेतृत्व को दे दी है. उन्होंने कहा, “मैंने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सहित पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि मैं इस समय अपने पिता के साथ रहना चाहता हूं. मेरे पिता डायलिसिस पर हैं और उनकी देखभाल करना मेरा पहला कर्तव्य है. मैंने (नेतृत्व को) यह भी बताया है कि मैं इस समय यात्रा करने की स्थिति में नहीं हूं. मुझे उम्मीद है कि पार्टी इसे स्वीकार करेगी और (उन्हें मिली छह विधानसभा क्षेत्रों की) जिम्मेदारी को किसी और को प्रदान करेगी.”

अन्नामलाई के पास इन 6 सीटों की थी जिम्मेदारी

अन्नामलाई को तमिलनाडु के सिंगानल्लूर, विरुगमबाक्कम (चेन्नई), करैक्कुडी, श्रीवैकुंटम, मदुरै (दक्षिण) और पद्मनाभपुरम (कन्याकुमारी) विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था. एक सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात उन्हें चुनाव संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने की अनुमति नहीं देते हैं.

क्या चुनाव लड़ेंगे अन्नामलाई, दिया ये जवाब

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘मैंने यह बात पार्टी नेतृत्व को बता दी है. वे भी मेरी स्थिति समझ गए हैं. साथ ही, मैंने उनसे कहा है कि पार्टी के लिए वे जो भी करने को कहेंगे, मैं करने को तैयार हूं. मैं अपनी पार्टी और गठबंधन दलों के उम्मीदवारों के लिए काम करने को तत्पर हूं.'' उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी उनके स्थान पर किसी अन्य नेता को नियुक्त करेगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी मुझे जो भी करने को कहेगी, मैं आपको भी बताऊंगा.''

कांग्रेस विधायक ने कसा तंज

वहीं, किल्लियूर के कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने अन्नामलाई के फैसले पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘उन्हें (अन्नामलाई को) चुनावी बुखार चढ़ गया है.'' उन्होंने कहा, ‘‘चुनावी बुखार चढ़ने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. किसी भी कीमत पर कन्याकुमारी में कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) नहीं खिलेगा.'' कांग्रेस विधायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चुनावी बुखार और चुनाव में हार के डर के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है.”

यह भी पढ़ें - तमिलनाडु में अन्नामलाई से किनारा क्यों? उनकी कुर्बानी और BJP की जीत की कहानी, डिटेल में जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Annamalai, Annamalai Resigned, Tamil Nadu Assembly Elections, Tamil Nadu Assembly Elections In 2026, BJP In Tamil Nadu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com