- पटना के बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों से नामांकन वापस ले लिया है
- अभिषेक कुमार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र सौंपकर उपचुनाव न लड़ने की जानकारी दी है
- भाजपा ने अभिषेक कुमार की जगह बांकीपुर सीट से नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया है
पटना में बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार बने अभिषेक कुमार 'बंटी' ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. इसकी घोषणा करते हुए अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि पारिवारिक कारणों से, मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं. मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा. अभिषेक कुमार 'बंटी' की जगह बीजेपी ने बांकीपुर से अब नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है.
अभिषेक ने कहा, "मैंने अभी-अभी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को एक पत्र सौंपा है, जिसे मैं अब आपके सामने पढ़कर सुना रहा हूं. भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए NDA उम्मीदवार के तौर पर चुना था. इसके लिए मैं केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं. मैं विनम्रतापूर्वक आपको बताना चाहता हूं कि पारिवारिक कारणों से मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं. मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा."

अभिषेक कुमार ने गुरुवार को किया था नामांकन
भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने कल ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार
भाजपा ने मंगलवार को अपने युवा मोर्चा के नेता अभिषेक कुमार सिन्हा को इस उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था. यह सीट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है.
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है.
इसे भी पढ़ें: कौन हैं 32 साल के नीरज कुमार सिन्हा, जो बांकीपुर उपचुनाव में बने भाजपा के नए उम्मीदवार
इसे भी पढ़ें: कौन हैं अभिषेक कुमार, जिन्हें बीजेपी ने नितिन नवीन की सीट बांकीपुर से बनाया उम्मीदवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं