- पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी में होगा बड़ा फेरबदल
- पार्टी बिहार में सम्राट कैबिनेट के विस्तार को पार्टी हरी झंडी दे सकती है
- इसके अलावा यूपी में चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ कैबिनेट का विस्तार होना तय है
चार मई को विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद बीजेपी में कई बड़े फैसले होने की संभावना है. इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम के गठन से लेकर यूपी और बिहार में कैबिनेट विस्तार तक शामिल है. बीजेपी सूत्रों के अनुसार संगठन और सरकार के हिसाब से मई का महीना कई बड़े बदलाव लेकर आएगा. लंबे समय से लटके पड़े कई फैसले मई में लागू होने की संभावना है. इनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में फेरबदल शामिल है. उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी में चुनाव होने जा रहे हैं. इससे पहले योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार करने की तैयारी पूरी कर ली गई है.
भूपेंद्र चौधरी की वापसी तय
सूत्रों के अनुसार खाली पडे पदों को भरने के अलावा कुछ फेरबदल भी हो सकता है. इसमें कुछ मौजूदा मंत्रियों की ज़िम्मेदारी में बदलाव की भी संभावना है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की सरकार में वापसी तय मानी जा रही है. आने वाले चुनावों को ध्यान में रख कर क्षेत्रीय जातीय समीकरणों को भी साधा जाएगा.
पंकज चौधरी की बनेगी टीम
बीजेपी नेताओं के अनुसार योगी कैबिनेट में फेरबदल के साथ ही प्रदेश बीजेपी में भी नई टीम का गठन होने की संभावना है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम और योगी कैबिनेट दोनों का निर्णय करते समय आगामी विधानसभा चुनाव का ध्यान रखा जाएगा.
सम्राट कैबिनेट का विस्तार
इसके साथ ही बिहार में सम्राट कैबिनेट का भी विस्तार होना है. बीजेपी जेडीयू के फार्मूले के अनुसार दोनों के पास सोलह-सोलह मंत्री पद रहने की संभावना है. वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जो विभाग हैं वे बीजेपी कोटे से बनने वाले मंत्रियों को और जेडीयू के दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास के विभाग जेडीयू कोटे से बनने मंत्रियों को दिए जाएंगे.
नितिन नवीन की टीम भी बनेगी
इसी तरह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का भी गठन जल्दी ही होने की संभावना है. माना जा रहा है कि नई टीम में अनुभवी और युवा नेताओं को जगह दी जाएगी. इसमें तैंतीस प्रतिशत से अधिक स्थान महिलाओं को दिए जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं