- पश्चिमी दिल्ली के उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर सड़क का अपग्रेडेशन किया जाएगा
- केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 359.63 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है
- सड़क को छह लेन मुख्य मार्ग और सर्विस रोड में विकसित किया जाएगा जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा
दिल्ली के लोगों को जल्द बड़ा तोहफा मिलने वाला है. पश्चिमी दिल्ली के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने वाली है. उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक NH-9 (रोहतक रोड) के 12.4 किलोमीटर लंबे हिस्से को अपग्रेड किया जाएगा. केंद्र सरकार ने अपग्रेडेशन के लिए 359.63 करोड़ के फंड को मंजूरी दे दी है. इस प्रोजेक्ट के तहत छह लेन मुख्य सड़क और सर्विस रोड को अपग्रेड किया जाएगा, ताकि वाहन फर्राटा भर सकें.
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर ये जानकारी दी है. दिल्ली सीएम ने इसके लिए पीएम मोदी और नितिन गडकरी का आभार जताया है. इस सड़क को अपग्रेड करने का मकसद सफर का अनुभव शानदार बनाना है, ताकि वाहन इस पर फर्राटा भरें और जाम से लोगों को निजात मिल सके. इसके बनने से पूरे कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही बहुत ही आसान हो जाएगी.

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब को सीधा फायदा
दरअसल एनएच-9 दिल्ली के रोहतर रोड को बहादुरगढ़, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा से होते हुए पंजाब को जोड़ने वाला अहम रास्ता है. हर दिन हजारों लोग इस रास्ते पर सफर करते हैं. साथ ही व्यापार के लिहाज से भी ये रास्ता अहम है.अच्छी सड़क होने से पश्चिमी दिल्ली के लोगों और हरियाणा से आने-जाने वाले लोगों का सफर बहुत आसान हो जाएगा.
उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर लंबे इस रास्ते को अपग्रेड करने में 359.63 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. यहां 6-लेन का मेन रोड और बनेगा और सर्विस रोड को अपग्रेड किया जाएगा.
रोड अपग्रेड होने से किसे फायदा?
सिक्स लेन सड़क के अपग्रेडेशन से दिल्ली और हरियाणा के बीच आवाजाही बहुत आसान हो जाएगी. इसका सबसे ज्यादा फायदा पीरागढ़ी, नांगलोई चौक, मुंडका, घेवरा मोड़ से लेकर टिकरी बॉर्डर तक की कॉलोनियों, मार्केट्स और औद्योगिक क्षेत्रों को होगा. नांगलोई के व्यापारी और मुंडका के श्रमिकों के साथ ही बहादुरगढ़ की ओर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
इस सिक्स लेन सड़क के अपग्रेड होने से दिल्ली,हरियाणा, पंजाब,उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी.गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद और रामपुर तक फर्राटेदार सफर का अनुभव मिलेगा.
सड़क अपग्रेड होगी, सर्विस लेन बनेगी
उद्योग नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर लंबी सड़क को मजबूत बनाया जाएगा. इसके साथ ही सर्विस रोड की कनेक्टिविटी जंक्शन बनने से बेहतर होगी. इससे ट्रैफिक जाम कम होगा और यातायात सुगम होगा. दिल्ली और इसे आसपास के लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी.
ये भी पढे़ं-गंगा एक्सप्रेसवे का हरिद्वार तक होगा विस्तार, मेरठ से सफर 3 घंटे से घटकर 1.5 घंटे में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं