- बीजेपी ने सतीश पूनिया को अहम जिम्मेदारी सौंपी है, उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया है.
- सतीश पूनिया ने NDTV से बातचीत में पंजाब में BJP-अकाली दल गठबंधन पर अहम संकेत दिए हैं.
- सतीश पूनिया को सोमवार को ही बीजेपी की नई टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था.
बीजेपी के राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया को पार्टी ने दो दिनों दो बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं. सोमवार को उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था. जबकि मंगलवार को उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब का प्रभारी बनाया है. जहां 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सतीश पूनिया नियुक्ति अहम मानी जा रही है. उन्होंने पंजाब में भाजपा और अकाली दल के गठबंधन को लेकर भी अहम संकेत दिए हैं. सतीश पूनिया का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगा, पंजाब में जाने के बाद वहां नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात करनी होगी, जबकि केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से जो निर्देश मिलेगा, उसी के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा.
BJP-अकाली दल की केमिस्ट्री अच्छी रही है
पंजाब के प्रभारी बनाए गए सतीश पूनिया ने NDTV से बातचीत में कई बड़ी बातें कही है. पिछले दिनों प्रधानमंत्री और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की बैठक के बाद अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन को लेकर शुरू हुए संकेत पर उन्होंने कहा 'फिलहाल अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. मुझे सबसे बात करनी होगी. पंजाब में धरातल पर क्या स्थितियां हैं, उसे समझना होगा. क्योंकि बीजेपी विचार के आधार पर चलने वाली पार्टी है. उसी के आधार पर काम होगा.बीजेपी ने अटल युग से गठबंधन की राजनीति को मजबूती दी है, लोकतंत्र के लिए हमेशा समझौते भी किए हैं. प्रकाश सिंह बादल के दौर से अकाली दल के साथ बीजेपी की अच्छी कैमेस्ट्री थी. राजनीतिक और रणनीतिक तौर पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा. लेकिन पार्टी के लिए जो होगा वह किया जाएगा.'
#NDTVExcluive | 'पंजाब में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा हो, ये मैं पूरी कोशिश करूंगा', पंजाब के प्रभारी बनाए जाने के बाद NDTV से बोले सतीश पुनिया#BJP #SatishPoonia | @vikasbha pic.twitter.com/pMt1S8Rv7j
— NDTV India (@ndtvindia) August 18, 2026
बीजेपी मिथक तोड़ने का काम करती है
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए सतीश पूनिया ने कहा 'बीजेपी मिथक को तोड़ने का काम करती है. कहा जाता था कि हरियाणा में बीजेपी नहीं जीतेगी, लेकिन हरियाणा में हमने तीसरी बार सरकार बनाई, दिल्ली में भी कहा जाता था कि आप नहीं हारेगी, लेकिन बीजेपी ने दिल्ली में चुनाव जीता. पंजाब की जनता आप के शासन से त्रस्त है. इसलिए पंजाब की जनता में आप के खिलाफ अंडर करंट है. हमारी आने वाली समय में जो रणनीति होगी उसी पर काम होगा. बीजेपी वहां अच्छे नंबर लाना चाहेगी.'
सतीश पूनिया ने फिलहाल बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन पर फिलहाल कुछ क्लीयर नहीं कहा है. लेकिन उनका मानना है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से जो भी आदेश होगा उसे पूरा किया जाएगा. बता दें कि पिछले दिनों पंजाब के डिप्टी सीएम और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी. जिसके बाद से ही दोनों दलों के गठबंधन की अटकलें जोर पकड़ रही हैं.
क्यों पंजाब में अहम मानी जा रही सतीश पूनिया की नियुक्ति
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सतीश पूनिया की नियुक्ति अहम मानी जा रही है. वह इससे पहले हरियाणा के प्रभारी रहे हैं, राजस्थान उनका गृहराज्य है. दोनों ही पंजाब से लगे हुए हैं. ऐसे में पंजाब की परिस्थितियों से सतीश पूनिया वाकिफ हैं. इसके अलावा राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब बीजेपी की यूनिट में पदाधिकारियों की नई नियुक्तियों को लेकर हुए मतभेदों को सुलझाने का काम भी सतीश पूनिया को सौंपा जाएगा. पंजाब में बीजेपी ने कांग्रेस से आए कई नेताओं को शामिल किया है, जिससे पार्टी पुराने नेताओं में नाराजगी की बातों की चर्चा थी. इन सभी चर्चाओं के बीच पूनिया की नियुक्ति अहम है.
ये भी पढ़ेंः बीजेपी ने विनोद तावड़े का यूपी प्रभारी बनाया, पंजाब में सतीश पुनिया और गुजरात में तरुण चुघ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं