विज्ञापन

फोन कॉल के लिए रोकी बाइक, तेज रफ्तार गाड़ी ने कुचला; परिवार के 3 लोगों की मौत

यह हादसा गुरुवायूर-कुन्नमकुलम रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि परिवार एक शादी अटेंड करके घर वापस लौट रहा था.

फोन कॉल के लिए रोकी बाइक, तेज रफ्तार गाड़ी ने कुचला; परिवार के 3 लोगों की मौत
केरलम में सड़क हादसा
NDTV

केरलम के त्रिशूर में दर्दनाक हादसा हुआ है जहां एक दंपति और उनके तीन साल के बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

यह हादसा गुरुवायूर-कुन्नमकुलम रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि परिवार एक शादी अटेंड करके घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान एक फोन कॉल अटेंड करने के लिए बाइक को सड़क किनारे रोका गया था. तभी पीछे से तेज रफ्तार कार आई और बाइक को टक्कर मार दी.

कार चला रहे व्यक्ति के बारे में बताया जा रहा है कि वो एक बार से वापस लौट रहा था. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि ड्राइवर नशे में था. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. कार में मौजूद दो अन्य लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है जबकि ड्राइवर फरार हो चुका है.

केरलम में ही शुक्रवार को भी दर्दनाक हादसा हुआ था. तब त्रिशूर में तमिलनाडु के आठ इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई थी. उनकी गाड़ी नेशनल हाईवे-66 पर एक ट्रक से जा टकराई थी.

2025 में बढ़ी सड़क दुर्घटनाएं और मौतें

सड़क परिवहन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में देशभर में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 5.3 प्रतिशत बढ़कर 5.1 लाख से अधिक हो गई. इसी अवधि में सड़क हादसों में मौतों की संख्या बढ़कर 1.8 लाख से ज्यादा पहुंच गई. सरकार के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. औसतन हर दिन 502 लोगों की जान सड़क हादसों में गई.

उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक मौतें

आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सड़क हादसों में मौतों के मामले में देश में सबसे ऊपर रहा. राज्य में वर्ष 2024 के दौरान 24,118 लोगों की मौत हुई थी, जो 2025 में बढ़कर 27,550 हो गई. इसी प्रकार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु भी सड़क दुर्घटना मौतों के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल रहे. वहीं पंजाब ने राहत भरी तस्वीर पेश की. राज्य में सड़क हादसों में मौतों की संख्या 4,759 से घटकर 3,062 रह गई, जो सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala, Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com