सावन का व्रत रखते समय सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि कुछ खाने के थोड़ी देर बाद ही भूख लगने लगती है. ऐसे में बार-बार कुछ खाने के बजाय व्रत की थाली में ऐसी चीजें शामिल करना बेहतर है, जो शरीर को एनर्जी देने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखें. साबूदाना, मखाना, राजगीरा से लेकर दही और ड्राय फ्रूट्स तक कई ऐसे ऑप्शन्स हैं, जिन्हें व्रत में खाया जा सकता है. अगर आप भी व्रत कर रहे हैं, तो इन 7 चीजों को डाइट में शामिल कर सकते हैं.
व्रत में क्या खाएं- (Vrat Mein Kya Khaye)
1. साबूदाना खिचड़ी-
व्रत के दौरान साबूदाना सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फूड्स में से एक है. इसमें कार्बोहाइड्रेट अच्छी मात्रा में होता है, जो शरीर को एनर्जी देने में मदद करता है. साबूदाना खिचड़ी में मूंगफली और थोड़े घी का इस्तेमाल करने से इसमें प्रोटीन और हेल्दी फैट भी जुड़ जाते हैं. इससे पेट जल्दी खाली महसूस नहीं होता.
2. मखाना-
मखाना हल्का होने के बावजूद पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है. इसमें फाइबर और कुछ मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है. व्रत में इसे हल्का भूनकर खाया जा सकता है. चाहें तो इसमें थोड़ा घी और सेंधा नमक डालकर स्वादिष्ट स्नैक तैयार कर सकते हैं.

Photo Credit: Google/ creative common license
3. उबले आलू-
व्रत में आलू को अक्सर सब्जी या फलाहारी चाट के रूप में खाया जाता है. उबला हुआ आलू कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है और इससे शरीर को एनर्जी मिलती है. इसे ज्यादा तेल में तलने के बजाय उबालकर या हल्का भूनकर खाना बेहतर ऑप्शन हो सकता है.
4. समा के चावल-
समा के चावल यानी बार्नयार्ड मिलेट से बनी खिचड़ी या पुलाव व्रत के लिए अच्छा ऑप्शन है. इसमें फाइबर होता है. जिसकी वजह से ये पेट को कुछ समय तक भरा रखने में मदद करता है. इसे दही के साथ खाया जाए तो खाना और भी संतुलित हो सकता है.
5. राजगीरा-
राजगीरा यानी अमरनाथ से बनी रोटी या पूड़ी व्रत के दौरान पेट भरने वाला ऑप्शन है. इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी न्यूट्रीशन्स पाए जाते हैं. हालांकि पूड़ी में तेल ज्यादा हो सकता है, इसलिए रोजमर्रा के लिए राजगीरे की रोटी बेहतर ऑप्शन मानी जा सकती है.
6. ड्राय फ्रूट्स और नट्स-
बादाम, अखरोट और काजू जैसे नट्स में हेल्दी फैट और प्रोटीन होता है. थोड़ी मात्रा में इन्हें खाने से भूख को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है. व्रत के दौरान इन्हें स्नैक्स के तौर पर लिया जा सकता है. लेकिन ज्यादा मात्रा में खाने से कैलोरी काफी बढ़ सकती है.
7. दही और छाछ-
व्रत के दौरान दही और छाछ शरीर को ठंडक देने के साथ पेट को कुछ समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं. दही में प्रोटीन होता है, जबकि छाछ हल्का और पचने में आसान ऑप्शन है. इसमें सेंधा नमक और भुना जीरा डालकर स्वाद भी बढ़ाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- क्या आपने कभी सोचा है व्रत में सेंधा नमक ही क्यों खाया जाता है? जानिए जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं