विज्ञापन
This Article is From May 07, 2022

प्रशांत किशोर के आकलन को 'कोई महत्व नहीं' देते CM नीतीश, कहा- जनता जानती है कितना काम हुआ

नीतीश ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम आपसे आग्रह करेंगे कि आप खुद ही देखिये. हम लोग किसी और की बात को महत्व नहीं देते हैं कि कोई क्‍या बोला है, उसका हम जवाब दें, लेकिन यह तो आप खुद जानते हैं."

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार. (फाइल फोटो)
पटना:

बिहार में कथित तौर पर पिछले 15 साल में कोई विकास का काम न होने संबंधी प्रशांत किशोर के आरोपों के बारे में पत्रकारों द्वारा शुक्रवार को पूछे जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘यह तो आप ही लोगों को पता है कि विकास हुआ या नहीं.'' उन्होंने कहा, ‘‘कौन क्‍या बोलता है, उसका कोई महत्व नहीं है. महत्व है सत्य का. आप सब जानते हैं कि क्‍या हुआ है, कितना काम किया गया है.'' नीतीश ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम आपसे आग्रह करेंगे कि आप खुद ही देखिये. हम लोग किसी और की बात को महत्व नहीं देते हैं कि कोई क्‍या बोला है, उसका हम जवाब दें, लेकिन यह तो आप खुद जानते हैं. आप ही लोग बता दीजिए, जवाब दे दीजिए, हम तो यही आग्रह करेंगे.''

इधर, नीतीश के बयान पर तंज कसते हुए चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ‘‘नीतीश जी सही हैं. सिर्फ सच्चाई ही महत्वपूर्ण है. और सच्चाई यह है कि लालू-नीतीश के 30 साल के शासन के बाद भी बिहार सबसे गरीब है और पिछड़ा राज्य है. इसका काया-पलट सिर्फ नयी सोच के साथ इसके लोगों के समेकित प्रयास से संभव है.''

बता दें कि गुरुवार को किशोर ने पटना में एक कार्यक्रम आयोजित कर ‘जन सुराज' अभियान शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य राज्य में एक राजनीतिक विकल्प प्रदान करना है, जो बाद में चुनाव लड़ने वाली पार्टी के रूप में विकसित हो सकता है.

पीके के अतिरिक्त कोरोना काल के बाद सीएए लागू करने से संबंधित केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान को लेकर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर नीतीश ने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि अभी कोरोना के मामले बढ़ ही रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमे ज्यादा चिंता है कोरोना से लोगों की रक्षा करने की. नीति की बात होगी तो उसको अलग से देखेंगे. हमने बाकी चीजों को अभी देखा नहीं है.''

कोयले की कमी के कारण बिजली संकट को लेकर पूछे गए एक सवाल पर नीतीश ने कहा कि संकट की स्थिति में राज्य सरकार हरसंभव कोशिश करेगी. उन्होंने कहा, ‘‘आप तो जानते हैं कि संकट तो एक जगह पर होता नहीं है, विभिन्न जगहों पर होता है और हम लोग जो भी कर सकते हैं, वह करने का प्रयास करेंगे.''

यह भी पढ़ें -

नीतीश कुमार के 'सत्य के महत्व' वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने दिया जवाब, कही ये बात

"अब बदल गए हैं नीतीश कुमार", नीतीश-लालू राज औऱ बिहार के हालात पर PK ने कही बड़ी बात

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Kumar, Prashant Kishore, Prashant Kishore In Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com