विज्ञापन

'सब नीतीश करवाया है' बोले लालू यादव, सिक्योरिटी हटाए जाने के पीछे बताया पूर्व CM का हाथ

बिहार में लालू यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कटौती को लेकर लालू परिवार और आरजेडी ने सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है.

'सब नीतीश करवाया है' बोले लालू यादव, सिक्योरिटी हटाए जाने के पीछे बताया पूर्व CM का हाथ
लालू यादव ने पटना में पत्रकारों के पूछे जाने पर नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया (File)
IANS
  • बिहार में लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती को लेकर सरकार और परिवार के बीच विवाद जारी है
  • बिहार सरकार ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की जेड प्लस सुरक्षा हटा दी है
  • सुरक्षा घटाए जाने के बाद लालू परिवार के सदस्यों ने बिहार सरकार के सुरक्षाकर्मियों को वापस लौटा दिया

बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने, और उनकी जगह बीजेपी के पहले सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद से लालू परिवार लगातार सुर्खियों में है. एक ओर नई सरकार बनने के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10, सर्कुलर रोड के बंगले को खाली करवाने को लेकर सरकार और लालू परिवार में ठनी हुई है. वहीं दूसरी ओर लालू परिवार को दी जा रही सुरक्षा में कटौती को लेकर भी लालू परिवार और सरकार आमने-सामने हैं. इसी बीच अब लालू यादव का एक बयान सामने आया है. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने खुलकर कहा है कि उनकी सुरक्षा हटाए जाने के पीछे नीतीश कुमार का हाथ है. 

लालू ने बताया नीतीश को जिम्मेदार

जेपी आंदोलन के समय से नीतीश कुमार के पुराने साथी और सत्ता में कई बार उनके सहयोगी रह चुके लालू यादव से पटना में पत्रकारों ने सुरक्षा में कटौती को लेकर सवाल किया. खराब सेहत की वजह से बहुत कम बात करनेवाले लालू यादव ने इस पर जवाब दिया,"हां, हो गया है (सुरक्षा में कटौती). नीतीश कुमार सब कुछ किया."

देखिए Video-:

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले लालू यादव का एक और वीडियो सामने आया था. इसमें लालू यादव पटना की सड़कों पर बिना किसी सरकारी सुरक्षा के कार से जाते दिखाई दे रहे थे.

पटना में बिना सुरक्षा के सड़क पर लालू यादव - Video

लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी, तेजप्रताप की सुरक्षा में कटौती

दरअसल, बिहार सरकार के गृह विभाग ने 4 जून को लालू परिवार के सदस्यों के लिए नई सुरक्षा व्यवस्था का आदेश जारी किया था. इसके तहत लालू यादव, राबड़ी देवी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जेड प्‍लस (Z+) सुरक्षा को हटा दिया गया था. साथ ही लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को मिली Y श्रेणी की सुरक्षा को भी कम कर दिया गया था और उन्हें सिर्फ 1 बॉडीगार्ड दिया गया था.

लालू-राबड़ी की सुरक्षा वापसी के विरोध में आरजेडी समर्थकों ने बंगले के बाहर धरना दिया था (7 जून की तस्वीर)
Photo Credit: IANS

लालू परिवार ने सुरक्षाकर्मियों को भी लौटाया

इसके बाद से ही बिहार में इसे लेकर सियासत गरमा गई. लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा में तैनात बाकी पुलिसकर्मियों को भी वापस लौटा दिया. इसी तरह तेजस्वी यादव ने वन पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से वापस भेज दिया. बाद में लालू यादव की बेटी और लोकसभा सांसद मीसा भारती ने भी अपनी सुरक्षा लौटा दी. 

तेज प्रताप यादव ने पहले कहा था कि सरकार ने सुरक्षा का कमांड काट दिया है
Photo Credit: IANS

तेजप्रताप यादव ने पहले किया खंडन, फिर परिवार के साथ आए

लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने पहले तो इस मुद्दे पर कहा कि किसी की सुरक्षा वापस नहीं ली गई है, बल्कि सरकार ने उनके परिवार के सुरक्षा कर्मियों का कमांड ही काट दिया है. लेकिन, 15 जून को उन्होंने परिवार के साथ एकजुटता जुटाते हुए बड़ा कदम उठाया और बिहार सरकार की तरफ से मिली सुरक्षा को वापस कर दिया. तेजप्रताप ने साथ ही सरकार को चेतावनी दी कि अब उनकी सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही सरकार की होगी. 

ये भी पढ़ें-: लालू के लिए खास कमरा, महीनेभर की मोहलत; राबड़ी ने बंगले को लेकर सरकार को लिखा पत्र

लेखक के बारे में
img
अपूर्व कृष्ण
कंसल्टेंट एसोसिएट एडिटर
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से इकोनॉमिक्स में स्नातक; IIMC, दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा; उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता म... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu Yadav, Rabri Devi, Lalu Yadav Security Withdrawn, Rabri Devi Security, Nitish Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com