विज्ञापन

भुवनेश्वर की यूनिवर्सिटी हॉस्टल में लापरवाही की हद! मेस के खाने में निकला मरा मेंढक, प्रशासन ने शुरू की जांच

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित उत्कल यूनिवर्सिटी के लेडीज हॉस्टल-7 में परोसे गए खाने में मरा हुआ मेंढक मिलने के आरोप से छात्राओं में नाराजगी और डर का माहौल है.

भुवनेश्वर की यूनिवर्सिटी हॉस्टल में लापरवाही की हद! मेस के खाने में निकला मरा मेंढक, प्रशासन ने शुरू की जांच
खाने में मरा हुआ मेंढक मिला
NDTV
भुवनेश्वर:

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित उत्कल यूनिवर्सिटी में छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है. यूनिवर्सिटी के लेडीज हॉस्टल-7 में परोसे गए खाने में मरा हुआ मेंढक मिलने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात छात्राओं को दिए गए चिली सोयाबीन की सब्जी में मृत मेंढक जैसी चीज मिली. इस घटना के बाद छात्राओं में नाराजगी और डर का माहौल है. इस बीच यूनिवर्सिटी में जॉन्डिस के बढ़ते मामलों ने भी चिंता बढ़ा दी है. हॉस्टल की दो छात्राओं में जॉन्डिस की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से अधिक संदिग्ध छात्राओं के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. कुछ छात्राओं में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण भी सामने आए हैं. हालांकि, जॉन्डिस और उल्टी-दस्त के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

BMC ने खाने और पानी के सैंपल लिए

मामले की गंभीरता को देखते हुए भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) की विशेष टीम यूनिवर्सिटी पहुंची और खाने तथा पानी के सैंपल एकत्र किए. इन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही खाने और पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.

हॉस्टल में 1,500 लीटर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था

छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कई कदम उठाए हैं. हॉस्टलों में 1,500 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है. इसके अलावा गर्म पानी के लिए अलग-अलग स्थानों पर बॉयलर लगाए गए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर कैंपस की सभी फूड शॉप को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. छात्र-छात्राओं की शिकायतें सुनने के लिए 24 घंटे का कंट्रोल रूम भी शुरू किया गया है.

कुलपति ने दिए जांच के निर्देश

यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ. चंडी प्रसाद नंद ने कहा कि खाने में संदिग्ध और गंदी चीज मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वास्तव में मेंढक है या कुछ और, इसकी जांच की जा रही है. छात्राओं की सुरक्षा के लिए सभी हॉस्टलों को सतर्क कर दिया गया है. कुलसचिव को सभी हॉस्टलों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य के स्वास्थ्य विभाग और BMC की टीमें भी छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं. कुलपति ने कहा कि खाने और पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि यूनिवर्सिटी के बुनियादी ढांचे में सुधार कर इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की भी योजना बनाई जा रही है.

ये भी पढ़ें : रोहित का सुपरमैन थ्रो, कोहली का रिकॉर्ड, टिकनर का धमाका, पहले वनडे के 5 सबसे रोमांचक पल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Odisha News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com