किसी परीक्षा में पास होने पर पिता का बेटे को गिफ्ट देने की कहानियां तो आपने खूब सुनी होगी. लेकिन पश्चिम बंगाल से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में 9वीं की परीक्षा में अच्छे नंबर से पास होने पर एक पिता ने अपने बेटे को 2.30 करोड़ की BMW कार गिफ्ट कर दी. हैरत की बात यह है कि 9वीं की यह मुख्य परीक्षा भी नहीं थी. रिपोर्ट के अनुसार पूर्व बर्दवान जिले के गलसी इलाके के कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने 9वीं हाफ ईयरली परीक्षा में अच्छे नंबर से पास होने पर नाबालिग बेटे मोहम्मद तलहा को यह कार गिफ्ट की है.
तलहा पूर्व बर्दवान जिले के गलसी इलाके के स्थानीय स्कूल में 9वीं का छात्र है. बीते दिनों उसने 9वीं की हाफ ईयरली परीक्षा दी थी. इस परीक्षा में अच्छे नंबर से पास होने के बाद उसने पिता से BMW कार की डिमांड की. चावल मिल का कारोबार चलाने वाले शम्सुद्दीन मिद्या ने बेटे की यह डिमांड पूरी कर दी.

तलहा को 2.30 करोड़ की कार तो मिल गई. लेकिन कानूनन वो अभी उसे ड्राइव नहीं कर सकता. क्योंकि अभी वो नाबालिग है. हालांकि तलहा को मिले गिफ्ट की चर्चा पूरे इलाके में है.
मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में लाइट मैन का काम करते थे शम्सुद्दीन
बेटे को 2.30 करोड़ की कार गिफ्ट करने वाले शम्सुद्दीन मिद्या कभी मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में लाइट मैन का काम किया करते थे. लेकिन कुछ ही सालों बाद चावल के कारोबार में उन्होंने इतनी तरक्की की अब उनके घर में करोड़ों की कीमत वाली कई कारें मौजूद हैं.

चावल मिल का कारोबार, विदेशों तक होती सप्लाई
रिपोर्ट की मानें तो शम्सुद्दीन मिद्या 2003 में मुंबई में काम की तलाश में गए थे. वहां कई सालों तक लाइटमैन का काम किया. 2010 में वापस गांव आ गए और चावल का कारोबार शुरू किया. बताया जाता है कि आज पूर्व बर्दवान जिले में शम्सुद्दीन की तीन चावल मिल है. उसका कारोबार आज देश की सीमाओं को पार कर चुका है. वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर, दुबई तक शम्सुद्दीन मिद्या की मिल की चावल की सप्लाई होती है.
शम्सुद्दीन के पास पहले से भी कई लग्जरी कारें
शम्सुद्दीन के पास पहले से रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार जैसी लग्जरी कारें हैं. अब उनके पास BMW M4 भी शामिल हो गई हैं.
यह भी पढ़ें - दवा कंपनी के CEO ने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में दी Kia Sonet कार, बोले- ये तुम्हारी मेहनत का फल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं