विज्ञापन

बेंगलुरु में पढ़ाई, अब नेपाल में सत्‍ता के शिखर पर... प्रोफेसरों ने NDTV को बताया- कैसे स्‍टूडेंट थे बालेन शाह

नेपाल में आम चुनाव में बालेन शाह की पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है, वे नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं. बालेन शाह ने बेंगलुरु के NMIT से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में एमटेक किया है. प्रोफेसरों ने बताया कि वह एक अनुशासित छात्र रहे हैं.

बेंगलुरु में पढ़ाई, अब नेपाल में सत्‍ता के शिखर पर... प्रोफेसरों ने NDTV को बताया- कैसे स्‍टूडेंट थे बालेन शाह
  • बालेन शाह ने बेंगलुरु के निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में पढ़ाई की
  • उन्होंने 2016 में दो अन्य नेपाली छात्रों के साथ कॉलेज के पहले स्वायत्त बैच में एडमिशन लिया था
  • उनके प्रोफेसर बताते हैं कि वह एक अनुशासित, समय के पाबंद और पढ़ाई में गंभीर छात्र थे
बेंगलुरु:

नेपाल में आम चुनाव के बाद राजनीतिक गलियारों में एक ही नाम गूंज रहा है, बालेन शाह. रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की राष्‍ट्रीय स्‍वतंत्र पार्टी 124 सीटें जीत प्रचंड बहुमत हासिल कर चुकी है. बालेन शाह को नेपाल के अगले प्रधानमंत्री के रूप में भी कई लोग देख रहे हैं. हालांकि, बहुत से लोग शायद यह नहीं जानते होंगे कि बालेन शाह बेंगलुरु के निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NMIT) के छात्र रहे हैं, जहां उन्होंने स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में एम.टेक की पढ़ाई की थी. एनडीटीवी के साथ खास बातचीत में बालेन शाह को पढ़ाने वाले एनएमआईटी के टीचर्स ने कहा कि उन्हें अपने पूर्व छात्रों को नेपाल में एक प्रमुख राजनीतिक हस्ती के रूप में उभरते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है. 

बेहद पढ़ाकू छात्र 

सिविल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के प्रोफेसर श्रेयस एवी ने बताया कि बालेन शाह को हम एक अनुशासित और एकाग्र छात्र के रूप में याद करते हैं. उनके अनुसार, बालेन शाह ने 2016 में दो अन्य नेपाली छात्रों, सुनील लमसाल और प्रवीण श्रेष्ठ के साथ संस्थान में एडमिशन लिया था और वे कॉलेज के पहले स्वायत्त (Autonomous) बैच का हिस्सा थे. प्रोफेसर श्रेयस ने कहा, 'हमें बेहद खुशी है कि उन्होंने इतनी ऊंचाई हासिल की है. वे समय के पाबंद और आज्ञाकारी छात्र थे. बलेंद्र उनमें सबसे शांत छात्र थे.' हालांकि, प्रोफेसर श्रेयस ने कहा कि बालेन शाह के भीतर एक रैपर छिपा हुआ था, लेकिन उन्होंने इंस्टीट्यूट कैंपस में शायद ही कभी उस रूप को जाहिर किया था. 

Latest and Breaking News on NDTV

राजनीति से दूर-दूर तक कोई वास्‍ता नहीं 

दिलचस्प बात यह है कि इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान बालेन शाह ने पॉलिटिक्‍स के प्रति कोई रुचि नहीं दिखाई थी. इंस्टीट्यूट के ज्‍यादातर प्रोफेसर उन्‍हें एक पढ़ाकू छात्र के रूप में जानते हैं. प्रोफेसर श्रेयस ने बताया, 'राजनीति को लेकर उनका दूर-दूर तक कोई झुकाव देखने को नहीं मिलता था. हां, वे पढ़ाई को लेकर काफी सीरियर रहते थे. वह हमेशा मेरे पास अपने डाउट लेकर आते थे. सुबह हो या शाम, डाउट को लेकर वह समझ नहीं देखते थे.  

बालेन थे अन्‍य छात्रों के लिए प्रेरणा 

एनएमआईटी के उपाध्यक्ष संदीप शास्त्री ने कहा कि संस्थान बालेन शाह को अपने बेहतरीन पूर्व छात्रों में से एक मानता है और उनकी तरक्की विश्वविद्यालय के लिए एक और 'गौरव' की बात है. उन्‍होंने बताया, 'हमारे जैसे संस्थान के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि आठ साल पहले यहां पढ़ाई करने वाला कोई व्यक्ति पड़ोसी देश की सरकार का नेतृत्व करने जा रहा है. वह एक मेहनती छात्र थे, जो अपना काम समय पर पूरा करते थे, अपनी इंटर्नशिप बखूबी निभाते थे और बहुत अनुशासित थे. उस समय हमारे यहां कई नेपाली छात्र थे और वह ऐसे व्यक्ति थे जिनसे दूसरे प्रेरणा ले सकते थे.'

Latest and Breaking News on NDTV

कॉलेज में रैपर वाला पक्ष कभी नहीं दिखाया 

हालांकि, बालेन शाह राजनीति में आने से पहले अपने नेपाली रैप म्‍यूजिक के लिए जाने गए, लेकिन उनके प्रोफेसरों का कहना है कि उन्होंने कैंपस में कभी भी रैप नहीं किया. उनका अधिकांश म्‍यूजिक नेपाली में था और लगभग 24 छात्रों की छोटी क्‍लास में उनका रैपर वाला पक्ष काफी हद तक छिपा ही रहा. भूकंप इंजीनियरिंग में उनकी खास रुचि थी. बालेन शाह ने इस विषय से संबंधित प्रोजेक्‍ट्स पर काम किया और नेपाल में आए भीषण भूकंप के समय के आसपास इस क्षेत्र से संबंधित एक इंटर्नशिप भी की. प्रोफेसरों का कहना है कि यह उनके अपने देश में समाज के लिए योगदान देने की इच्छा को दर्शाता है.

ये भी पढ़ें :- इस बार अलग नजर आएगी नेपाल की संसद, सड़क पर संघर्ष करने वालों को जनता ने चुना 

बालेन शाह का राजनीतिक सफर रैपर से काठमांडू के मेयर और अब एक राष्ट्रीय हस्ती बनने तक लगातार आगे बढ़ रहा है. ऐसे में एनएमआईटी का कहना है कि भविष्य में कैंपस में वापस स्वागत करने में उन्हें बेहद खुशी होगी. उपाध्यक्ष संदीप शास्त्री ने कहा कि यदि वे भारत आते हैं, तो हम निश्चित रूप से उन्हें यहां आमंत्रित करना चाहेंगे. यह हमारे लिए सम्मान की बात होगी और हमारे छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा.

ये भी पढ़ें :- नेपाल में बालेन शाह को मिली शानदार जीत फिर बांग्लादेश में NCP क्यों हार गई? वजह जान रह जाएंगे हैरान

लेखक के बारे में
img
Reethu Rajpurohit
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Balendra Shah Balen Shah Student Life, Nepal Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com