विज्ञापन

रूस भेजे जाने के बाद लापता हुआ असम का युवक, परिवार को डर- कहीं यूक्रेन युद्ध में तो नहीं झोंक दिया गया

असम के कछार जिले के रहने वाले अब्दुल मुक्तादिर लस्कर (मुन्ना) बेहतर रोजगार की उम्मीद में विदेश गए थे, लेकिन कई महीनों से उनका परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा है।.परिजनों का दावा है कि उन्हें अजरबैजान में नौकरी का वादा किया गया था, जबकि यात्रा दस्तावेजों में मॉस्को जाने का विवरण मिला है.

रूस भेजे जाने के बाद लापता हुआ असम का युवक, परिवार को डर- कहीं यूक्रेन युद्ध में तो नहीं झोंक दिया गया
NDTV

असम के कछार जिले का एक युवक नौकरी की तलाश में घर से निकला था, लेकिन अब उसका परिवार इस डर के साए जी रहा है कि कहीं उसे रूस की सेना में भर्ती कर यूक्रेन युद्ध के मोर्चे पर न भेज दिया गया हो. कई महीनों से युवक का कोई सुराग नहीं है. आखिरी बार अगस्त में परिवार से उसकी बात हुई थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया. अब पत्नी और परिजन केंद्र और राज्य सरकार से उसकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं.

कछार जिले के सोनाई इलाके के तुलारग्राम पार्ट-1 गांव के रहने वाले अब्दुल मुक्तादिर लस्कर, जिन्हें घर में प्यार से मुन्ना कहा जाता है, इस साल बेहतर रोजगार की उम्मीद में घर से निकले थे. परिवार के मुताबिक उन्हें अजरबैजान में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था. इसी भरोसे पर वह घर छोड़कर विदेश जाने के लिए तैयार हुए.

हालांकि बाद में परिवार के हाथ लगे ट्रैवल डॉक्यूमेंट ने पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए. टिकट के मुताबिक, 14 जुलाई को उनके नाम से मुंबई से बाकू होते हुए मॉस्को जाने की फ्लाइट बुक की गई थी. डॉक्यूमेंट में 30 जुलाई की वापसी टिकट भी दिखाई देती है, लेकिन यह साफ नहीं है कि उन्होंने वापसी की उस फ्लाइट में यात्रा की थी या नहीं.

कब हुई थी आखिरी बातचीत?

परिवार की चिंता तब और बढ़ गई जब सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई. इस तस्वीर में मुन्ना कथित तौर पर रूसी सैन्य वर्दी में कुछ अन्य विदेशी नागरिकों के साथ दिखाई दिए. तस्वीर देखने के बाद परिजनों को शक हुआ कि उन्हें नौकरी के नाम पर किसी और काम में लगा दिया गया है.

मुन्ना की पत्नी सलमा ने बताया कि उनकी आखिरी बातचीत 26 अगस्त को हुई थी. उस दिन के बाद से उनका कोई फोन नहीं आया और न ही किसी अन्य माध्यम से संपर्क हो सका. परिवार ने उनसे जुड़ी हर संभव जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है.

घर पर सलमा अपने तीन साल के बेटे और एक साल की बेटी के साथ पति के लौटने का इंतजार कर रही हैं. परिवार का कहना है कि हर गुजरते दिन के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है. उन्हें यह भी नहीं पता कि मुन्ना इस समय किस हाल में हैं और कहां मौजूद हैं.

कई सवाल जिनके जवाब नहीं हैं मालूम

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब दक्षिण एशिया के कई देशों से युवाओं को विदेश में नौकरी का झांसा देकर रूस ले जाने के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं. हाल के महीनों में बांग्लादेश के कुछ युवाओं के वीडियो भी वायरल हुए थे, जिनमें दावा किया गया था कि उन्हें नौकरी का लालच देकर रूस बुलाया गया और बाद में युद्ध से जुड़े हालात में धकेल दिया गया.

फिलहाल इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि अब्दुल मुक्तादिर लस्कर रूस में कहां हैं या उन्हें वास्तव में युद्ध क्षेत्र में भेजा गया है. लेकिन परिवार का कहना है कि कई महीनों से संपर्क टूटे होने और सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीर ने उनकी फिक्र बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें: राहुल ने फिर शेयर की शिव-पार्वती की तस्वीर, बोले- RSS-BJP को धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Board, Russia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com