असम में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. कछार जिले के लखीपुर क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान करीब 168 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाएं बरामद की गईं. इस कार्रवाई में एक कथित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है जबकि तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक ट्रक भी जब्त किया गया है.
5.60 लाख याबा टैबलेट बरामद
अधिकारियों के मुताबिक, असम राइफल्स ने सिलचर स्थित राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के साथ मिलकर 25 और 26 अगस्त की रात जुझांग पहाड़ इलाके में विशेष अभियान चलाया. ऑपरेशन के दौरान करीब 60 किलोग्राम वजन की 5 लाख 60 हजार याबा टैबलेट बरामद की गईं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत लगभग 168 करोड़ रुपये आंकी गई है.
मणिपुर से असम लाई जा रही थी खेप
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह खेप मणिपुर से लाई जा रही थी और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के रास्ते असम पहुंचाई जा रही थी. अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से राज्यों के बीच सक्रिय नशीले पदार्थों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. साथ ही इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी के रास्तों पर भी असर पड़ेगा.
लगातार तेज हो रही है कार्रवाई
असम में हाल के हफ्तों में नशे के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है. राज्य पुलिस और अन्य एजेंसियां लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही हैं. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि हाल ही में लगभग 80 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाएं भी जब्त की गई थीं जिन्हें पंजाब भेजने की तैयारी थी.
तस्कर बदल रहे रास्ते, सरकार भी सतर्क
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ड्रग माफिया अब कार्रवाई से बचने के लिए म्यांमार से अरुणाचल प्रदेश के रास्ते नए रूट तलाश रहे हैं. उन्होंने साफ संदेश देते हुए कहा कि तस्कर चाहे रास्ते बदल लें, सरकार की कार्रवाई नहीं रुकेगी. नशे के हर नेटवर्क को खोजकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
युवाओं को बचाने की बड़ी लड़ाई
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक बड़ी बरामदगी नहीं है बल्कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है. लगातार हो रही सख्ती से पूर्वोत्तर में सक्रिय ड्रग्स गिरोहों पर दबाव बढ़ रहा है और तस्करी के नेटवर्क कमजोर पड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- आंटी पुड़िया दे दो... डिमांड से तंग महिलाओं ने उठाए लाठी-डंडे, नशे के कारोबार के खिलाफ रातभर दे रहीं पहरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं