विज्ञापन

असम में 327 करोड़ की 109.2 किलो याबा टैबलेट बरामद, एजेंसियों की कार्रवाई में एक तस्कर गिरफ्तार

असम के इस अभियान से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशीले पदार्थों के तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह खेप बड़े पैमाने पर तस्करी के लिए भेजी जा रही थी.

असम में 327 करोड़ की 109.2 किलो याबा टैबलेट बरामद, एजेंसियों की कार्रवाई में एक तस्कर गिरफ्तार
असम अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशीले पदार्थों के तस्करों पर बड़ी कार्रवाई हुई है.

असम के हैलाकांडी जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. असम राइफल्स और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की संयुक्त टीम ने जिले के रामनाथपुर क्षेत्र में अभियान चलाकर 109.2 किलोग्राम याबा टैबलेट बरामद की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 327 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

यह कार्रवाई 15 और 16 सितंबर के बीच विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई. सूचना मिलने के बाद दोनों एजेंसियों ने मिलकर इलाके में निगरानी बढ़ाई और एक समन्वित अभियान शुरू किया.

546 पैकेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप

अभियान के दौरान टीम ने 546 पैकेट में पैक याबा टैबलेट बरामद की. बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 109.2 किलोग्राम है. कार्रवाई में दो ट्रक भी जब्त किए गए हैं जिनका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था. इसके अलावा एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया गया है. मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ की जा रही है.

पूर्वोत्तर क्षेत्र की सबसे बड़ी बरामदगी में शामिल

अधिकारियों के अनुसार 109.2 किलोग्राम याबा टैबलेट की बरामदगी इस क्षेत्र में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है. इस अभियान से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशीले पदार्थों के तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह खेप बड़े पैमाने पर तस्करी के लिए भेजी जा रही थी. समय रहते कार्रवाई होने से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई.

आगे की जांच डीआरआई करेगी

गिरफ्तार आरोपी, बरामद याबा टैबलेट, जब्त वाहन और अन्य सामान को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई सिलचर को सौंप दिया गया है. एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

एजेंसियों के साथ से मिली सफलता

असम राइफल्स और डीआरआई ने इस कार्रवाई को दोनों एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, खुफिया जानकारी के त्वरित आदान-प्रदान और संयुक्त रणनीति का परिणाम बताया है. अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी ताकि समाज को ड्रग्स के खतरे से बचाया जा सके.

यह भी पढ़ें- 2800 टैबलेट, 11 इंजेक्शन और स्टेरॉयड का जखीरा...डोपिंग के मामले में कोच पर आजीवन बैन, पावरलिफ्टर सस्पेंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam News, Assam Rifles, Yaba Tablets Seized In Assam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com