विज्ञापन

केजरीवाल का आरोप-कंपनियों को डरा रही सरकार, बीजेपी का पलटवार

अरविंद केजरीवाल ने E-20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. वहीं बीजेपी ने देश की दिग्गज ऑटो कंपनियों के अधिकारियों के बयानों का जिक्र कर उनपर पलटवार किया है.

केजरीवाल का आरोप-कंपनियों को डरा रही सरकार, बीजेपी का पलटवार
अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ऑटो मोबाइल कंपनियों को डरा रही है. उन्होंने कहा कि हमने E-20 ईंधन को लेकर 29 कंपनियों को चिट्ठी लिखी थी. लेकिन किसी का जवाब नहीं आया. उन्होंने दावा किया कि कंपनी के कुछ अधिकारियों ने उन्हें निजी मुलाकात में बताया कि वो लिखित में उन्हें कुछ नहीं देंगे. दूसरी तरफ बीजेपी ने केजरीवाल के आरोप पर पलटवार किया है. बीजेपी ने कहा कि देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों के CEO और वरिष्ठ अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से इसका बिल्कुल उल्टा कहा है. बीजेपी ने कहा कि मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने बताया कि E-20 के कारण गाड़ियों के कलपुर्जों को कोई नुकसान नहीं हुआ है. 

केजरीवाल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने कंपनियों से पूछा था कि क्या वो ये बताएंगे कि E-20 ईंधन के कारण 2023 से पहली बनी गाड़ियों के इंजन पर कोई असर होगा या नहीं? उन्होंने कहा कि किसी कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया लेकिन कुछ अधिकारियों ने निजी बात में इथेनॉल वाले पेट्रोल के नुकसान का जिक्र किया. दूसरी तरफ बीजेपी ने देश की कई बड़ी ऑटो मोबाइल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के बयान के हवाले से केजरीवाल के दावे को गलत बताया है. 

बीजेपी ने अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है कि अरविंद केजरीवाल दावा कर रहे हैं कि उन्होंने ऑटोमोबाइल कंपनियों के अधिकारियों से बात की है और वे E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग को 'उचित नहीं' मानते हैं. लेकिन देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल कंपनियों के CEO और वरिष्ठ अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से बिल्कुल उल्टा कहा है.

उन्होंने कहा कि मारुति सुज़ुकी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने बताया कि FY 2025-26 में कंपनी ने 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विसिंग का विश्लेषण किया.  इनमें 1.5 करोड़ से अधिक पुराने, E20 के अनुकूल नहीं माने जाने वाले वाहन भी शामिल थे. निष्कर्ष में पता चला कि E 20 के कारण गाड़ी के कलपुर्जों में कोई नुकसान नहीं पता चला. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कंट्री हेड एवं एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट विक्रम गुलाटी ने कहा कि E20 को लागू करने से पहले व्यापक परीक्षण किए गए. उन्होंने इसे स्वच्छ, उच्च-प्रदर्शन वाला ईंधन बताया, जिसका दुनिया के कई देशों में दशकों से सफलतापूर्वक उपयोग हो रहा है.

मालवीय ने दावा किया कि सच्चाई यह है कि E20 किसी राजनीतिक निर्णय का परिणाम नहीं, बल्कि SIAM, ARAI, ऑटोमोबाइल कंपनियों, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और वैज्ञानिक संस्थानों के वर्षों के परीक्षण, अनुसंधान और परामर्श के बाद लागू किया गया है. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को तय करना चाहिए कि देश ऑटोमोबाइल उद्योग के शीर्ष इंजीनियरों, वैज्ञानिकों और CEOs पर भरोसा करे या उनके कथित 'निजी संवादों' पर. देश विज्ञान से चलेगा, अफवाहों से नहीं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejariwal, Amit Malaviya, E 20 Petrol
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com