- पंजाब के फिरोजपुर के ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी गैंगस्टर आशीष चोपड़ा की होशियारपुर सेंट्रल जेल में मौत
- आशीष चोपड़ा का जन्म 1997 में हुआ था और स्कूल के दिनों से ही उसके नाम लड़ाई-झगड़े और बदमाशी की घटनाएं जुड़ी थीं
- 2017 में 20 वर्ष की उम्र में आशीष के खिलाफ हत्या के प्रयास का पहला आपराधिक मामला दर्ज हुआ था
पंजाब के फिरोजपुर के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी और गैंगस्टर भुवनेश उर्फ आशीष चोपड़ा की होशियारपुर सेंट्रल जेल में मौत हो गई. 26 अक्टूबर की देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है. अब उसकी मौत के कारणों की जांच की जाएगी.
स्कूल के दिनों से ही बदमाशी की चर्चा
आशीष चोपड़ा का जन्म 20 दिसंबर 1997 को फिरोजपुर में हुआ था. उसकी मां अनु चोपड़ा एक स्कूल में अध्यापिका थीं, जबकि पिता हीरा लाल चोपड़ा कारोबारी थे. आशीष उसी स्कूल में पढ़ता था जहां उसकी मां पढ़ाती थीं. स्थानीय लोगों के मुताबिक आशीष स्कूल के दिनों से ही गलत संगत में पड़ गया था. लड़ाई-झगड़े और बदमाशी की घटनाएं उसके नाम से जुड़ने लगी थीं. बताया जाता है कि यहीं से उसका झुकाव अपराध की दुनिया की ओर बढ़ा.
20 साल की उम्र में पहला केस
आशीष के खिलाफ पहला आपराधिक मामला 2017 में दर्ज हुआ. 16 दिसंबर 2017 को फिरोजपुर सिटी थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद अगले नौ सालों में उस पर हत्या के प्रयास, हथियार, नशा तस्करी, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के 16 मामले दर्ज हुए. ये मामले फिरोजपुर के अलावा मोहाली, फाजिल्का, पटियाला और अमृतसर समेत कई जिलों में दर्ज बताए जाते हैं.
पहला जन्मदिन जेल में मनाया
पहले केस में गिरफ्तारी के बाद 19 दिसंबर 2017 को आशीष को फिरोजपुर सेंट्रल जेल भेजा गया था. अगले दिन उसने अपना 20वां जन्मदिन जेल में मनाया. इसके बाद वह पंजाब की कई जेलों में रहा. हाल ही में 23 अक्टूबर 2026 को उसे संगरूर जेल से होशियारपुर सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया था.
ट्रिपल मर्डर केस से सुर्खियों में आया
आशीष चोपड़ा का नाम 3 सितंबर 2024 को फिरोजपुर में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में सामने आया था. इस वारदात में दिनदहाड़े दो युवकों और एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतकों में जसप्रीत कौर, दिलदीप सिंह और आकाशदीप शामिल थे. इस मामले में आशीष फरार चल रहा था. उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था. बाद में मार्च 2026 में उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नशा तस्करी से भी जुड़े आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशीष चोपड़ा का नाम पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए होने वाली कथित हेरोइन तस्करी में भी सामने आया था. उसके खिलाफ मई 2026 में करीब डेढ़ किलो हेरोइन बरामदगी से जुड़ा मामला भी दर्ज किया गया था. नवंबर 2025 में पंजाब पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने उसके गैंग से जुड़े दो कथित साथियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 205 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया था.
मौत के बाद उठे सवाल
होशियारपुर जेल में आशीष चोपड़ा की मौत के बाद अब उसकी मृत्यु को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. जेल प्रशासन और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल एक ऐसे गैंगस्टर का अध्याय खत्म हो गया है, जिसने करीब एक दशक में अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बनाई और कई संगीन मामलों में आरोपी रहा.
यह भी पढ़ें | आतंकी शहजाद भट्टी का हैंडलर हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार, ISI के लिए करता था काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं