देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी खड़गपुर (IIT Kharagpur) में एक और छात्र ने आत्महत्या कर ली है. पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित इस मशहूर शिक्षण केंद्र में 10 दिनों के अंदर यह इस तरह की दूसरी घटना है. आईआईटी खड़गपुर में इसी महीने एक और छात्र ने खुदकुशी कर ली थी. पिछले कुछ समय से आईआईटी खड़गपुर में छात्रों के अपनी जान लेने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
सुरक्षा गार्डों को मिला शव
पुलिस के अनुसार आज, 28 अप्रैल की सुबह संस्थान में पढ़ाई कर रहे एक इंजीनियरिंग छात्र का शव मदन मोहन मालवीय हॉल में पाया गया. अधिकारियों ने बताया कि सुबह हॉल का दरवाजा नहीं खुला जिसके बाद सुरक्षा गार्डों को सूचना दी गई. गार्डों ने दरवाजा खोला और छात्र का शव देखा. इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को बरामद कर बीसी रॉय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है. आईआईटी खड़गपुर प्रशासन ने अभी तक इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
एमटेक की पढ़ाई कर रहा था
मृतक छात्र का नाम सोहम हालदार बताया गया है. वह उत्तर 24 परगना जिले के बारासात के शालबागान क्षेत्र का निवासी था. छात्र की उम्र 22 वर्ष थी और वह आईआईटी खड़गपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में एमटेक कर रहा था. वह मदन मोहन मालवीय हॉल में रहता था.
पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
इससे पहले, 18 अप्रैल को एक छात्र ने आईआईटी खड़गपुर के अटल बिहारी वाजपेयी हॉल की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. अहमदाबाद के घुमा इलाके का रहने वाला 21 वर्षीय यह छात्र था. वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में तीसरे वर्ष का छात्र था और आईआईटी खड़गपुर परिसर के नेहरू हॉल में रहता था.
पिछले वर्ष 2025 में आईआईटी खड़गपुर में सात छात्रों की मौत हो गई थी. इनमें से पांच ने फांसी पर लटककर जान दे दी थी जबकि एक छात्र का शव खड़गपुर के पुरी रेलवे गेट से बरामद किया गया था.
ये भी पढ़ें-: IIT प्रोफेसर ने बर्थडे पर स्टूडेंट्स को दी दावत, फिर ऐसे किया स्वागत, Video देख दिल हो जाएगा खुश
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं