विज्ञापन
This Article is From Dec 16, 2020

तृणमूल कांग्रेस के असंतुष्ट नेता सुवेंदु अध‍िकारी ने विधायक पद से द‍िया इस्तीफा, BJP में शामिल होने की हैं अटकलें

पिछले कुछ समय से वह पार्टी से असंतुष्ट चल रहे हैं और ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.

शुवेंदु अधिकारी के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं.
कोलकाता:

पश्च‍िम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले जारी राजनीतिक खींचतान के बीच तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता शुवेंदु अध‍िकारी (Shuvendu Adhikari) ने विधायक पद से इस्तीफा दे द‍िया है. पिछले कुछ समय से वह पार्टी से असंतुष्ट चल रहे हैं और ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.

अधिकारी के साथ पिछले कुछ वक्त में मतभेद हो रहे थे. अधिकारी पार्टी न छोड़ दें इसके लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेता सौगत राय और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को उनसे बात करने को कहा था. हालांकि बात नहीं बनी. पिछले महीने उन्होंने कैबिनेट से भी इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद पार्टी में अंदर बात और भी बिगड़ रही थी.

उनके बीजेपी जॉइन करने की अफवाहों को बल देते हुए बीजेपी के उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ने कहा कि 'जिस दिन शुवेंदु अधिकारी ने कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था, मैंने कहा था कि अगर वो टीएमसी छोड़ देंगे तो मैं बहुत खुश होऊंगा और बीजेपी में उनका स्वागत करूंगा. आज उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है और मैं उनके फैसले का स्वागत करता हूं.'

अधिकारी मालदा, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिमी मिदनापुर में पार्टी के प्रभारी रहे हैं, जहां उनका पार्टी कार्यकर्ताओं पर काफी प्रभाव है. नंदीग्राम से विधायक रहे शुवेंदु का राज्‍य की 294 सीटों में से 30 से 50 सीटों पर असर है, उनके पिता और भाई भी पार्टी से सांसद रह चुके हैं. शुवेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और पार्टी के कई नेताओं ने कुछ तल्ख टिप्पणियां की थीं, जिसके बाद अधिकारी के समर्थक भी नाराज हो गए थे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suvendu Adhikari, Trinamool Congress, West Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com