पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत नागरिकता देने की धीमी प्रक्रिया अब सवालों के घेरे में है. आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सूबे के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि इस प्रक्रिया को इस साल 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा. अब इसकी धीमी गति ने सरकार की समय-सीमा पूरी करने की क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. राज्य सचिवालय के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में सीएए के तहत नागरिकता के लिए कुल 2,89,950 आवेदन जमा किए गए हैं. इनमें से 2,61,680 आवेदक अभी नागरिकता प्रमाणपत्र मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जो इस प्रक्रिया की धीमी गति को दर्शाता है.
इसका मतलब यह है कि अब तक केवल 28,270 आवेदकों को ही नागरिकता प्रमाण-पत्र मिले हैं, जो कुल आवेदनों का 10 प्रतिशत से भी कम है. राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर आवेदन सत्यापन (वेरिफिकेशन) के अलग-अलग चरणों में अटके हुए हैं. आवेदकों में से ज्यादातर लोग मतुआ समुदाय से हैं जो सामाजिक रूप से पिछड़ा हिंदू समुदाय है और जिसकी जड़ें तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान व वर्तमान बांग्लादेश में हैं.
इन अधिकारियों को दो महीने के लिए उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों में नियुक्त किया जा रहा है, क्योंकि राज्य में मतुआ शरणार्थियों की सबसे ज्यादा आबादी इन्हीं दो जिलों में है.19 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी की, जिसके तहत पश्चिम बंगाल सहित आठ सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासितृृ प्रदेशों के जिलाधिकारियों को सीएए के तहत नागरिकता प्रमाण-पत्र जारी करने का अधिकार दिया गया. इसके बाद जिला प्रशासन ने प्रमाणपत्र जारी करना शुरू तो किया, लेकिन इसकी गति उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है.
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने पहले मतुआ समुदाय को आश्वासन दिया था कि सीएए के तहत शरणार्थियों को पहले नागरिकता दी जाएगी और उसके बाद उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे.इस बीच, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार शाम को घोषणा की कि राज्य की मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (एसएसआर), जो 23 नवंबर से शुरू होने वाला था, उसे अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया है.राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस स्थगन का संबंध सीएए के तहत हाल ही में नागरिकता पाने वालों को मतदाता सूची में शामिल करने की संभावना से हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं