देश में शराब कंपनियों के बीच बाजार की बादशाहत बदल गई है. ब्रिटिश कंपनी Diageo की भारतीय इकाई यूनाइटेड स्पिरिट्स (United Spirits Ltd) ने साल 2025-26 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली कंपनी बन गई है. रॉयल चैलेंज (RC), McDowell's No. 1, सिग्नेचर, ब्लैक डॉग, सिंगलटोन समेत कई ब्रैंड नेम के साथ व्हिसकी और स्कॉच बनाने वाली इस कंपनी की आय 2025-26 में 27,800 करोड़ के पार पहुंच गई है.
इंपीरियल ब्लू के लिए जानी जाने वाली फ्रांस की कंपनी Pernod Ricard से बादशाहत छिन गई है और ये दूसरे नंबर पर पहुंच गई. भारतीय कारोबार से इसकी कमाई 13.6% घटकर 23,701.27 करोड़ रुपये रह गई. इसकी बड़ी वजह रही- Imperial Blue ब्रांड को घरेलू कंपनी तिलकनगर इंडस्ट्रीज को बेच देना.
वहीं घरेलू कंपनी Radico Khaitan ने तीसरे नंबर पर अपनी जगह बनाई है.
27,816 करोड़ रुपये के रेवेन्यू के साथ Diageo पहले नंबर पर
Diageo की भारतीय इकाई United Spirits Ltd ने वित्त वर्ष 2025-26 में ऑपरेशंस से 27,816 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया. कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड आय 28,294 करोड़ रुपये रही. इसमें सालाना आधार पर 4.38% की बढ़ोतरी हुई.
इसके साथ ही Diageo ने भारत के अल्कोहलिक बेवरेज बाजार में रेवेन्यू के लिहाज से पहला स्थान हासिल कर लिया. Pernod Ricard पिछले कुछ वर्षों से इस मामले में सबसे आगे थी.
दरअसल, United Spirits ने 2021 में अपने लोकप्रिय मास-मार्केट व्हिस्की ब्रांड्स Inbrew Beverages को बेच दिए थे. इसके बाद कंपनी ने प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर फोकस करने की रणनीति अपनाई थी.

भारतीय कंपनी रेडिको खैतान की भी बंपर कमाई
इस रेस में घरेलू कंपनी Radico Khaitan ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है. कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड आय वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 22.7% बढ़कर 20,976.4 करोड़ रुपये हो गई. वित्त वर्ष 2024-25 में ये 17,098.5 करोड़ रुपये थी.
खैतान परिवार के प्रमोटर वाली इस कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में Magic Moments Vodka, 8PM Whisky, Rampur Indian Single Malt, Jaisalmer Indian Craft Gin और Royal Ranthambore Whisky शामिल हैं.
बीयर कंपनी यूनाइटेड ब्रेवरीज की आय घटी
बीयर बनाने वाली कंपनी United Breweries Ltd (UBL) की कुल आय में गिरावट दर्ज की गई. वित्त वर्ष 2025-26 में इसकी आय करीब 10% घटकर 17,508.66 करोड़ रुपये रही. एक साल पहले यानी FY25 में कंपनी की आय 19,444.44 करोड़ रुपये थी. UBL पर अब डच मल्टीनेशनल कंपनी Heineken का कंट्रोल है.
प्रीमियम शराब पर बढ़ रहा कंपनियों का फोकस
भारत के अल्कोहलिक बेवरेज बाजार में प्रीमियमाइजेशन का रुझान बढ़ रहा है. कंपनियां प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट के उत्पादों पर ध्यान दे रही हैं, ताकि बेहतर कीमत और कमाई हासिल की जा सके.
Pernod Ricard के लिए भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है, जहां कंपनी बिक्री की मात्रा के लिहाज से सबसे आगे है. इसके प्रमुख अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स में Absolut, Jameson, Chivas Regal, Ballantine's और The Glenlivet शामिल हैं. कंपनी अपने भारतीय कारोबार के संभावित IPO की तैयारी भी कर रही है.
इंपीरियल ब्लू बेचने से Pernod Ricard का मुनाफा बढ़ा
रेवेन्यू में गिरावट के बावजूद Pernod Ricard India का वित्त वर्ष 2025-26 में कंटिन्यूइंग ऑपरेशंस से मुनाफा करीब दोगुना होकर 4,551.60 करोड़ रुपये पहुंच गया. वित्त वर्ष 2024-25 में ये 1,734.59 करोड़ रुपये था.
इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह Imperial Blue कारोबार की बिक्री से मिली 3,223.49 करोड़ रुपये की असाधारण कमाई रही. वहीं, असाधारण मदों और टैक्स से पहले कंपनी का मुनाफा 5.68% बढ़कर 2,475.29 करोड़ रुपये रहा.
कंपनी का विज्ञापन और प्रमोशन खर्च भी 12.44% बढ़कर 971.69 करोड़ रुपये हो गया. दूसरी ओर, कुल खर्च 14.51% घटकर 21,646.74 करोड़ रुपये रहा.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में सस्ती होगी शराब: 2,000 वाली प्रीमियम स्कॉच के दाम 300 रुपये तक कम हो सकते हैं, इस तारीख से फायदा
यह भी पढ़ें | जापान की सबसे महंगी शराब, 9 करोड़ में बिकी व्हिस्की की एक बोतल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं