विज्ञापन

अलवर में छेड़छाड़, दिल्ली में मर्डर... IRS की बेटी की हत्या करने वाले नौकर की क्राइम कुंडली

दिल्ली के अमर कॉलोनी में IRS ऑफिसर की बेटी की हत्या ने कई सवाल छोड़ दिए हैं. आखिर इतनी सनसनीखेज वारदात कैसे हुई?

अलवर में छेड़छाड़, दिल्ली में मर्डर... IRS की बेटी की हत्या करने वाले नौकर की क्राइम कुंडली
दिल्ली के अमर कॉलोनी मर्डर के आरोपी की तस्वीर आई सामने

राजधानी दिल्ली का पॉश इलाका अमर कॉलोनी और एक रसूखदार IRS अधिकारी का घर... किसी ने नहीं सोचा होगा कि इतने बड़े अफसर के घर में भी ऐसी खौफनाक वारदात हो जाएगी. बुधवार सुबह IRS अधिकारी की 22 साल की बेटी का घर में ही बेरहमी से मर्डर हो गया. पहले लड़की के साथ यौन उत्पीड़न हुआ और फिर मोबाइल फोन के चार्जर की तार से गला घोटकर हत्या कर दी गई. घटना के वक्त 1997 बैच के अधिकारी दिनेश गुप्ता और उनकी जिम गए हुए थे. इस हत्या का आरोपी घर का पुराना नौकर राहुल मीणा है, जिसे एक महीने पहले ही काम से निकाला गया था. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाका दहल गया है. लेकिन इस घटना ने ऐसे कई सवाल छोड़ दिए हैं, जिनके जवाब आना अभी बाकी है.

सुबह-सुबह घर में घुसा और किया मर्डर

जानकारी के अनुसार, आरोपी नौकर की पहचान राहुल के रूप में हुई है. वह आज सुबह करीब 7 बजे उनके घर आया था. उसे लगभग एक महीने पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था. परिवार लड़की को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले गया. उसके सिर पर गंभीर चोट थी. लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के संकेत थे और उसके चेहरे पर कई गहरे निशान थे. परिवार को शक है कि इस हत्या के लिए उनका पूर्व नौकर ही जिम्मेदार है.

वारदात की पूरी प्लानिंग बनाई

दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल ने इस वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया. उसे पता था कि घर में किस समय कौन मौजूद रहता है. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वह सुबह 6 बजे ही बिल्डिंग के पास पहुंच गया था. उसने करीब आधा घंटा सीढ़ियों पर छिपकर माता-पिता के जाने का इंतजार किया. जैसे ही घर खाली हुआ और आरोपी घर में घुस गया और वारदात को अंजाम दिया.

घर में एक्स्ट्रा चाबी से घुसने का शक

जब दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी राहुल के अलवर स्थित घर पहुंची, तो पता चला कि वह पहले भी छेड़छाड़ की एक घटना में शामिल रहा था. कल रात ही अलवर से दिल्ली आया था. शक है कि राहुल सीधे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स में स्थित घर गया था. घर में जबरन घुसने का कोई निशान नहीं मिला है. शक है कि घरेलू कर्मचारियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक एक्स्ट्रा चाबी आमतौर पर बाहर रखी जाती थी और राहुल को पता था कि वह कहां है. माना जा रहा है कि उसने घर में घुसने के लिए उसी चाबी का इस्तेमाल किया हो.

हेराफेरी से हत्या तक का सफर

राहुल को करीब एक महीने पहले ही घर से निकाला गया था. उस पर घर में चोरी और पैसों की हेराफेरी की आरोप लगा था. जब अधिकारी ने उसे काम से निकाला था, तब कभी नहीं सोचा होगा कि उनके घर में काम करने वाला नौकर ऐसी खौफनाक हरकत करेगा. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने न केवल पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया, बल्कि मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. क्राइम सीन से संघर्ष के निशान मिले हैं, जो बताते हैं कि पीड़िता ने खुद को बचाने की हरसंभव कोशिश की थी.

इन 5 सवालों के जवाब आना बाकी

  • आखिर आरोपी राहुल घर में कैसे घुसा? क्या उसके पास घर की चाबी थी?
  • क्या वह पिछले कई दिनों से परिवार की गतिविधियों पर नजर रख रहा था? क्या उसने पहले भी घुसने की कोशिश की थी?
  • क्या राहुल का इरादा सिर्फ हत्या करना था या वह 'रेप और मर्डर' के इरादे से ही घर में घुसा था?
  • क्या कोई 'इनसाइडर' मददगार था?
  • पुलिस वेरिफिकेशन में चूक किसकी? पुलिस उसे ट्रैक करने में अभी तक नाकाम क्यों है?

आरोपी राहुल मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है. वारदात के बाद वह फरार है, लेकिन पुलिस ने उसकी लोकेशन और सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करना शुरू कर दिया है. दिल्ली पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर हत्या, नौकर पर शक

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com