- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जिन 8 आरोपियों पर FIR दर्ज की गई है, उन सभी को हिरासत में ले लिया गया है.
- इन सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है, इन्हें किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है.
- इन सभी 8 आरोपियों का राम मंदिर में क्या काम था? इन सभी पर क्या आरोप लगे हैं... आईए जानते हैं.
Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जिन 8 लोगों पर FIR दर्ज की गई है, उन सभी को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है. इनकी गिरफ्तारी की चर्चा है. माना जा रहा है कि इन सभी को किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जिन 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, उसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष यादव शामिल हैं. हालांकि FIR में महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा का नाम शामिल नहीं किए जाने पर विपक्ष का कहना है कि बड़ी मछलियों को छोड़ दिया गया है.
जिन 8 लोगों पर FIR दर्ज की गई उन सभी पर चोरी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड़यंत्र समेत विभिन्न आरोपों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इन 8 लोगों का राम मंदिर में क्या काम था, सभी पर क्या-क्या आरोप लगे हैं, आइए जानते हैं...
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जिन 8 लोगों पर हुई FIR, वे कौन, किस पर क्या आरोप?
1. रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नूः श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी है. इनका काम दानपात्रों की देखरेख करना और उन्हें बेसमेंट तक पहुंचाने का था. टिन्नू यादव पर करोड़ों के गबन का आरोप है. अयोध्या कई जिलों में हाल के दिनों में जमीन, होटल, मकान आदि बनाए है. टिन्नू ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का वाहन चालक था.
टिन्नू यादव पर लगे आरोपों पर काफी कुछ कहानियां सामने आ चुकी है. टिन्नू ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर पहले सफाई भी दी थी. उन्होंने बताया कि जिस प्रॉपर्टी को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे उन्होंने कैसे बनवाया.

यह भी पढ़ें - राम मंदिर का चढ़ावा चोरी वाले आरोपों पर टिन्नू यादव की सफाई, कहां से आया पैसा, ये भी बताया
2. लवकुश मिश्रः राम मंदिर में आने वाले चढ़ावा, नकदी को गिनने वाली टीम में शामिल थे. लवकुश मिश्र पर आरोप है कि चढ़ावा चोरी कर संपत्ति बनाई. लवकुश मिश्र के घर से 12 लाख रुपए मिले है.
3. अनुकल्प मिश्रः गणना कक्ष में नकदी गिनने की जिम्मेदारी अनुकल्प मिश्र पर थी. इन पर आरोप है कि गिनती के दौरान रुपए निकालकर बाथरूम में छिपाए.
4. मनीष यादवः मनीष यादव पर दानपात्रों में चढ़े नकली नकदी निकालने और उसे गिनकर अलग रखने की जिम्मेदारी थी. मनीष पर भी चढ़ावा चोरी का आरोप है. पुलिस का दावा है कि मनीष यादव के यहां से 36 लाख रुपए बरामद हुए.
5. करुणेश पांडेयः करुणेश पर राम मंदिर में चढ़े चढ़ावों को गणना कक्ष तक पहुंचाने की जिम्मेदारी थी. करुणेश पर भी आरोप है कि इन्होंने दानराशि चुराकर संपत्ति अर्जित की है.
6. अविनाश शुक्लाः दान पात्रों में मिली धनराशि को गणना कक्ष तक ले जाने और वहां गिनती करने वाली टीम में शामिल अविनाश शुक्ला पर आरोप है कि इन्होंने दान राशि चुराकर संपत्ति बनाई.
7. सुभाष श्रीवास्तवः सुभाष की भूमिका कैश काउंटिंग सेंटर के स्टाफ की निगरानी करना था. सुभाष कैश काउंटिंग सेंटर के स्टाफ का प्रभारी था. इनपर निगरानी में लापरवाही का आरोप है.
8. रमाशंकर मिश्रः राम मंदिर में आए चढ़ावों को जहां रखा जाता है कि उन दानपात्रों की निगरानी और उसके संचालन की जिम्मेदारी है. इन पर दान व्यवस्था में रहते हुए वित्तिय गबन और हेराफेरी का आरोप है.

सभी 8 आरोपी हिरासत में
CM योगी के सख्त रुख के बाद राम मंदिर दान प्रकरण में पहली FIR दर्ज होने के बाद सभी 8 आरोपी पुलिस की हिरासत में ले लिए गए हैं. हिरासत में लिए जाने के बाद इन सभी से पूछताछ का सिलसिला शुरू हो चुका है. इन्हें किसी भी समय गिरफ्तार भी किया जा सकता है. ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में मामला दर्ज किया गया है.
SIT जांच की शुरुआती रिपोर्ट के बाद FIR
FIR में 8 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी अभियुक्त बनाया गया है. इस मामले की जांच कर रही SIT के प्रमुख विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को टीम के अन्य दो सदस्यों के साथ शासन को शुरुआती जांच रिपोर्ट सौंपी थी. बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में कठोर सिफारिश की गई हैं. इसके बाद गुरुवार को FIR दर्ज करने की कार्रवाई हुई.
यह भी पढ़ें - राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एक्शन... टिन्नू समेत सभी आरोपी हिरासत में; देखें FIR में किस-किसका नाम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं